HomeIndiaकरुणानिधि की सीट पर डेढ़ लाख उत्तर भारतीय, मारवाड़ी पार्षद: चेन्नई...

करुणानिधि की सीट पर डेढ़ लाख उत्तर भारतीय, मारवाड़ी पार्षद: चेन्नई के राजस्थानी बोले- हम तमिल बोलते हैं, तमिलों को हिंदी सिखा दी


तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई की मिंट स्ट्रीट पर एक बाजार है- सौकार पेठ। यहां घूमते हुए एक महिला की आवाज सुनाई देती है- ‘भाया, यो केले कतो में दियो? थोड़ो सस्तो लगाओ, रोज रो काम है।’

.

राजस्थान में सुनी ये मारवाड़ी भाषा चेन्नई में सुनकर मैं चौंक जाता हूं। ज्यादा चौंकाने वाली बात ये कि फल बेच रहा लोकल तमिल शख्स हिंदी में जवाब देता है। मारवाड़ी बोल रही महिला का नाम निर्मला राजपुरोहित है। वे बचपन में ही मां के साथ चेन्नई आई थीं। अब इस परिवार की दूसरी पीढ़ी यहां रह रही है। निर्मला के पति का एक्सपोर्ट का बिजनेस है।

सौकार पेठ इलाके में राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के करीब डेढ़ लाख लोग रहते हैं। हिंदी विरोध की राजनीति करने वाली DMK ने यहां से मारवाड़ी को पार्षद का टिकट दिया, वे जीते भी। तमिलनाडु में 23 अप्रैल को वोटिंग होनी है। इस बार भी मुकाबला DMK अलायंस और BJP+AIADMK के बीच है।

सौकार पेठ में हर कैटेगरी के सामान के लिए अलग गलियां हैं। ये तमिलनाडु का सबसे भीड़-भाड़ वाला बाजार है, जहां रोजमर्रा से लेकर शादी तक की खरीदारी हो जाती है।

सौकार पेठ में हर कैटेगरी के सामान के लिए अलग गलियां हैं। ये तमिलनाडु का सबसे भीड़-भाड़ वाला बाजार है, जहां रोजमर्रा से लेकर शादी तक की खरीदारी हो जाती है।

200 साल से रह रहे उत्तर भारतीय, करुणानिधि को दो बार जिताया ब्रिटिश दौर में चेन्नई आधुनिक शहर की तरह बसना शुरू हुआ। पोर्ट सिटी होने की वजह से ये इलाका दक्षिण भारत में कारोबार का बड़ा केंद्र बना। राजस्थान और गुजरात के मारवाड़ी कारोबारी यहां आए और साहूकारी, यानी फाइनेंसिंग का काम करने लगे। इसी साहूकारी की वजह से इलाके का नाम सौकार पेठ पड़ गया।

ये इलाका हार्बर विधानसभा सीट में आता है। 1977 से सिर्फ एक बार छोड़ दें, तो ये सीट DMK ही जीतती आई है। DMK चीफ रहे एम. करुणानिधि भी दो बार जीते। सिर्फ 2011 में AIADMK को जीत मिली। 2016 और 2021 में ये सीट DMK के पास ही रही। पीके शेखर बाबू यहां से विधायक हैं। इस बार भी DMK ने उन्हें ही टिकट दिया है। 2021 में BJP कैंडिडेट यहां दूसरे नंबर पर रहे थे।

अब उत्तर भारतीयों की बात नागौर के अगरचंद बैलगाड़ी से 2200 किमी चलकर चेन्नई पहुंचे सौकार पेठ में हमारी मुलाकात अगरचंद मानमल परिवार से हुई। अगरचंद 1820 में राजस्थान के नागौर के कुचैरा गांव से बैलगाड़ी से चेन्नई आए थे। उस वक्त राजस्थान में अकाल पड़ा था। परिवार के पन्नालाल चौगड़िया बताते हैं कि मेरे पूर्वजों ने ईस्ट इंडिया कंपनी में भी नौकरी की थी। पन्नालाल का अभी फार्मा सेक्टर में करोड़ों का बिजनेस है। उनके मुताबिक, अगरचंद उत्तर भारत से चेन्नई पहुंचने वाले संभवत: पहले मारवाड़ी जैन थे। उनके बाद उत्तर भारत से कारोबारियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया। अगली पीढ़ी में मानमल जी ने बिजनेस शुरू किया। इस परिवार ने मारवाड़ी जैनों को चेन्नई में बसने में मदद की।

‘हम खुद को नॉर्थ इंडियन नहीं कहते, तमिल बोलते हैं’ पन्नालाल आगे बताते हैं, ‘अब हम खुद को नॉर्थ इंडियन नहीं बोलते। हमें यहां 200 साल हो गए हैं। चेन्नई में रहने वाले ज्यादातर तमिल इतने वक्त से यहां नहीं रहते। हमें जितनी अच्छी हिंदी आती है, उससे ज्यादा तमिल आती है।’

QuoteImage

मुझे नहीं लगता कि नॉर्थ इंडियंस के लिए तमिलनाडु से ज्यादा सुरक्षित जगह कोई हो सकती है। DMK के करुणानिधि हों, या AIADMK के एमजी रामचंद्रन, वे हमारे दादाजी के पैर छूकर ही चुनाव प्रचार शुरू करते थे।

QuoteImage

भाषाई विवाद और इस पर होने वाली राजनीति पर पन्नालाल के बड़े भाई कहते हैं, ‘मीडिया ये मुद्दा उछालती है। हमें इसकी वजह से कोई दिक्कत नहीं हुई। तमिलों के बीच रहते हुए कभी महसूस नहीं हुआ कि हम बाहर से हैं।’

DMK के सपोर्ट से पार्षद बने राजेश जैन, बोले- तमिल पर गर्व

इस इलाके के पार्षद राजेश जैन हैं। वे मध्यप्रदेश के इंदौर के दोंदवाड़ा से रहने वाले हैं। वे बताते हैं, ‘10वीं तक पढ़ाई के बाद मैं 1987 में चेन्नई आ गया था। शुरू में चाय की दुकान में काम किया। फिर नौकरी की। नौकरी से मोहभंग हुआ, तो खुद का बिजनेस शुरू किया। अब रियल्टी और टेक्सटाइल का कारोबार करता हूं। करोड़ों का बिजनेस है।’

राजेश स्टालिन की पार्टी DMK से पार्षद चुने गए। वे चेन्नई के इकलौते उत्तर भारतीय पार्षद हैं। राजेश कहते हैं कि इससे पहले कभी तमिलनाडु की स्थानीय पार्टी ने उत्तर भारतीयों को सपोर्ट नहीं किया, लेकिन DMK ने मुझे टिकट दिया और मैं चुनाव जीतकर आया। DMK हिंदी विरोधी नहीं है, बल्कि तमिल भाषा पर गर्व करते हैं और ये उनका अधिकार है।

बीकानेर से घूमने आए थे मनीष, फिर यहीं रह गए, अब तीन दुकानें

राजस्थान के बीकानेर से चेन्नई आकर बसे मनीष पारिक की भी ऐसी ही कहानी है। वे बताते हैं, ‘2003 में दादा-दादी के साथ चेन्नई आया था। ये शहर पसंद आ गया। पहले छोटी-मोटी नौकरी की। 23 साल से चेन्नई में हूं। मेरी तीन दुकानें हैं। यहां के लोग बहुत अच्छे हैं। वे नॉर्थ की तरह बेवजह परेशान नहीं करते। चेन्नई आने के दो साल में ही मैंने तमिल सीख ली। अब तमिल में कस्टमर से डील करता हूं।’

निर्मला 53 साल से चेन्नई में, पहनावा अब भी मारवाड़ी

मनीष की दुकान के पास हमें निर्मला राजपुरोहित मिलीं। वे 1973 में परिवार के साथ राजस्थान के जालोर से चेन्नई आई थीं। निर्मला बताती हैं, ‘राजस्थान तो पीछे छूट गया, लेकिन पहनावा हो या खाना-पीना, सब मारवाड़ी ही है।’

‘मुझे तो आज तक भाषा या फिर किसी भी वजह से परेशान नहीं किया गया। यहां रात को 11 बजे भी निकलो, तो डर नहीं लगता। हमने तो यहां तमिलों को हिंदी और मारवाड़ी सिखा दी। हमारे घर में नाश्ता भी इडली-सांभर ही होता है।’

विकास के पिता 20 दिन के लिए आए थे, अब 20 हजार करोड़ रुपए की कंपनी

सौकार पेठ में ज्वेलरी की सबसे बड़ी दुकान विकास मेहता की है। उनके दादा राजस्थान में मेथी दाने का कारोबार करते थे। एक बार विकास के पिता पेमेंट लेने चेन्नई आए थे। डीलर ने कहा कि पेमेंट में टाइम लगेगा। वे 20 दिन के लिए यहीं रुक गए।

इसी दौरान एक सुनार के यहां काम करने लगे। मन लगा तो पूरा काम समझ लिया। 1971 में अपनी ज्वेलरी शॉप खोली। आज इस परिवार की जोहरी ज्वेलर्स नाम से 20 हजार करोड़ रुपए की कंपनी है। विकास की पढ़ाई चेन्नई में ही हुई है। वे फर्राटेदार तमिल बोलते हैं। कहते हैं कि धंधे में भाषा सीखना जरूरी है।

तमिलनाडु में DMK+ Vs AIADMK, एक फेज में चुनाव

असम और केरलम में वोटिंग हो चुकी हैं, पढ़िए यहां कौन आगे… 1.असम में हिमंता आगे, 90 सीटें जीत सकता है NDA, कांग्रेस को 15-20 सीटों के आसार

असम में फिर हिमंता सरकार बन सकती है। BJP और सहयोगी पार्टियां 90 सीटों पर आगे नजर आ रही हैं। 2021 में NDA को 75 सीटें मिली थीं। कांग्रेस को 15 से 20 सीटें मिलने के आसार हैं। बदरुद्दीन अजमल की AIUDF, TMC और बाकी पार्टियों को 1 से 2 सीटें तक मिल सकती हैं। पढ़ें पूरी खबर…

2. केरलम में कांग्रेस+ को 70-80 सीटों के आसार, लेफ्ट को मिल सकती हैं 60 से 70 सीटें

केरलम में 9 अप्रैल को 140 सीटों पर वोटिंग हो चुकी है। यहां लेफ्ट के गठबंधन LDF और कांग्रेस के नेतृत्व वाले UDF के बीच नेक टू नेक फाइट है। UDF को 70 से 80 और LDF को 60 से 70 सीटें मिल सकती हैं। BJP को 3 से 5 सीटें मिलने के आसार हैं। BJP लोकल बॉडी इलेक्शन में जीत के बाद भी 20 से 25 सीटों पर ही फाइट दे रही है। पढ़ें पूरी खबर…



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments