
फिल्म ‘धुरंधर 2’ का ट्रेलर 7 मार्च को रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई। खास तौर पर ट्रेलर में सारा अर्जुन के किरदार यालिना की झलक ने दर्शकों का ध्यान खींचा। गन थामे उनके सीन वायरल हो गए और इसी बीच एक नई खबर ने भी सुर्खियां बटोर लीं। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि सारा अर्जुन ने अपनी अगली फिल्म के रूप में इम्तियाज अली की फिल्म ‘हीर रांझा’ साइन कर ली है। हालांकि अब इस पूरे मामले पर कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने सच्चाई साफ कर दी है।
मुकेश छाबड़ा ने अफवाहों पर लगाया विराम
कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इन खबरों को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि सारा अर्जुन ने अभी तक कोई नई फिल्म साइन नहीं की है।
उन्होंने लिखा कि फिलहाल सबकी नजर ‘धुरंधर 2’ पर है और सारा ने किसी भी नए प्रोजेक्ट के लिए किसी से मुलाकात तक नहीं की है। मुकेश छाबड़ा ने यह भी कहा कि जब भी सारा अर्जुन की अगली फिल्म तय होगी, उसकी जानकारी वह खुद देंगे। उन्होंने फैंस से अपील की कि फिलहाल चल रही बाकी सभी खबरें सिर्फ अफवाह हैं।
‘हीर रांझा’ को लेकर क्यों बढ़ी थी चर्चा
दरअसल पिछले महीने फिल्ममेकर साजिद अली ने मशहूर लोककथा हीर रांझा पर एक आधुनिक फिल्म बनाने की घोषणा की थी। इस प्रोजेक्ट को एकता कपूर प्रोड्यूस कर रही हैं, जबकि इसे इम्तियाज अली प्रस्तुत करेंगे।
इस खबर के सामने आते ही फिल्म इंडस्ट्री में काफी उत्साह देखने को मिला, क्योंकि इम्तियाज अली और साजिद अली पहले भी 2018 में ‘लैला मजनूं’ जैसी चर्चित फिल्म पर साथ काम कर चुके हैं। इसी दौरान कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि फिल्म में हीर के किरदार के लिए सारा अर्जुन को चुना गया है, लेकिन अब मुकेश छाबड़ा ने इन अटकलों को पूरी तरह गलत बताया है।
‘धुरंधर 2’ में सारा अर्जुन का दमदार किरदार
फिल्म ‘धुरंधर’ में सारा अर्जुन ने यालिना का किरदार निभाया था, जो भ्रष्ट पाकिस्तानी नेता जमील जमाली की बेटी है। इस किरदार को अभिनेता राकेश बेदी ने निभाया था। पहली फिल्म में यालिना की भूमिका कहानी के लिए बेहद अहम थी, क्योंकि मुख्य किरदार हमजा अपने दुश्मनों से जुड़ी अहम जानकारी उसी के जरिए हासिल करता है।
अब ‘धुरंधर 2’ में यालिना के किरदार में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। ट्रेलर में दिखाया गया है कि वह हमजा पर गन ताने खड़ी है और उसके चेहरे पर गुस्सा और दर्द दोनों झलक रहे हैं। इस सीन ने दर्शकों के मन में कई सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर दोनों के बीच ऐसा क्या हुआ जिसने कहानी को इस मोड़ पर ला खड़ा किया।
कब रिलीज होगी ‘धुरंधर 2’
फिल्म ‘धुरंधर 2’ 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। खास बात यह है कि फिल्म को हिंदी के साथ तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम समेत कुल पांच भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। फिल्म के पेड प्रिव्यू 18 मार्च से शुरू होंगे।
ट्रेलर को मिल रहे जबरदस्त रिस्पॉन्स को देखते हुए माना जा रहा है कि फिल्म रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर भी अच्छा प्रदर्शन कर सकती है। फिलहाल दर्शकों के बीच सारा अर्जुन के किरदार और फिल्म की कहानी को लेकर उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है।


