पाकिस्तान ने आतंकवादियों के ठिकानों को तबाह करने के नाम पर अफगानिस्तान में एयरस्ट्राइक की थी, जिसमें कई अफगान नागरिकों की मौत हो गई थी. पाकिस्तान आर्मी की कार्रवाई का बदला लेने के लिए तालिबान सरकार ने ताबड़तोड़ हमले शुरू कर दिए हैं. बीते करीब 48 घंटों से दोनों देशों के बीच छिटपुट गोलीबारी चल रही थी.
अफगानिस्तान सरकार के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने बताया कि आम नागरिकों पर पाकिस्तान के हमले का बदला लेने के लिए अफगान सेना ने पाकिस्तान के केंद्रों और सैन्य अड्डों पर हमले शुरू कर दिए हैं. अफगानिस्तान की सेना पाकिस्तान के खिलाफ मल्टी बैरल रॉकेट लांचर का भी इस्तेमाल कर रही है.
पाकिस्तान की 15 चौकियों पर तालिबान का कब्जा
अब तक की जानकारी के मुताबिक, अफगानिस्तान की सेना ने रात साढ़े 9 बजे से नंगरहार- खैबर सीमा और कुनार-बाजौर सीमा पर भारी हथियारों से हमला किया है. अफगान सेना टैंक, आर्टिलरी, रॉकेट, मोर्टार का इस्तेमाल कर रही है. तालिबान सरकार के प्रवक्ता ने दावा किया है कि पाकिस्तान की 15 चौकियों पर अफगान सेना ने कब्जा कर लिया है. अफगानिस्तान के प्रवक्ता ने दावा किया है कि कुनार सीमा पर पाकिस्तान के 40 सैनिक मारे गए हैं, जिनमें से 13 के शव को अफगानिस्तान के सैनिक अपने साथ ले गए हैं.
تازه:
له دښمن څخه د نیول شوو پوستو شمیر ۱۵ ته ورسید، ګڼ عسکر وژل شوي، یو شمیر یې ژوندي هم نیول شوي دي.تازہ:
دشمن سے قبضے میں لی گئی چوکیوں کی تعداد ۱۵ تک پہنچ گئی ہے، متعدد فوجی ہلاک ہو چکے ہیں جبکہ کچھ کو زندہ بھی گرفتار کر لیا گیا ہے۔ pic.twitter.com/TI0o4XLVDK— Zabihullah (..ذبـــــیح الله م ) (@Zabehulah_M33) February 26, 2026
नंगरहार सीमा के पास 2 चौकियां, गोश्ता सीमा के पास 3 चौकियां और कुनार सीमा पर 2 चौकियों पर अब तालिबान के सैनिक मौजूद हैं. अफगानिस्तान की सेना पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन 201 खालिद बिन वालिद ब्रिगेड और 205 अल बद्र ब्रिगेड चला रही है.
पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर की थी एयरस्ट्राइक
पाकिस्तान ने बीती 22 फरवरी को अफगानिस्तान पर एयरस्ट्राइक की थी. पाक आर्मी के फाइटर जेट्स ने नंगरहार प्रांत के खोग्यानी और गनी खेल जिलों और पतिका प्रांत के बेरमल और अर्गुन जिलों में कई ठिकानों को निशाना बनाया, जिसमें एक ही परिवार के 16 नागरिकों की मौत का दावा किया गया. पाकिस्तान की इस कार्रवाई पर तालिबान ने कड़ी आपत्ति जताई थी और समय आने पर जरूरी और कड़ी प्रतिक्रिया देने की चेतावनी दी थी.
पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक पर भारत ने क्या कहा था?
अफगानिस्तान में पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक पर भारत ने कड़ी निंदा की थी. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा था, ‘भारत रमजान के पवित्र महीने के दौरान अफगान धरती पर पाकिस्तान के हवाई हमलों की कड़ी निंदा करता है, जिसके परिणामस्वरूप महिलाओं और बच्चों सहित आम नागरिकों की मौत हुई है. यह पाकिस्तान की ओर से अपनी आंतरिक विफलताओं का दोष भारत पर डालने का एक और प्रयास है. भारत अफगानिस्तान की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और स्वतंत्रता के प्रति अपने समर्थन को दोहराता है.’


