HomeIndiaपिता की लाश का सिर काटकर दफन करता है बेटा: शादी...

पिता की लाश का सिर काटकर दफन करता है बेटा: शादी से पहले 3 महीने प्रेग्नेट होना जरूरी; शिकारी जनजाति वांचों की कहानी




एक पहाड़ी पर सुबह 8 बजे का वक्त। एक बूढ़े की लाश पड़ी है। वह पूरी तरह काली पड़ चुकी है। लाश के बगल में 24-25 साल का लड़का घुटने के बल बैठा है। फूट-फूटकर रो रहा है। तभी कुछ महिलाएं आईं और लाश के पास बैठ गईं। एक खास तरह के पेड़ के पत्तों से लाश का चेहरा साफ करने लगीं। उनमें से एक महिला ने दूर खड़े बुजुर्ग को कुछ इशारा किया। बुजुर्ग ने उस लड़के की तरफ एक धारदार छोटी तलवार बढ़ाई। लड़के ने कांपते हाथों से तलवार थामी और धीरे-धीरे लाश का गला रेतने लगा। कुछ ही देर में लाश का सिर धड़ से अलग हो गया। ये लाश लड़के के पिता की है, जो डेढ़ महीने से इस पहाड़ी पर पड़ी थी। दरअसल, ये बेटा अपने पिता का अंतिम संस्कार कर रहा है। दैनिक भास्कर की सीरीज ‘हम लोग’ में मैं मनीषा भल्ला इस बार लाई हूं वांचो जनजाति की कहानी। अरुणाचल प्रदेश की लोंगडिंग इलाके में बसी इस जनजाति की आबादी सिर्फ 40 हजार है… लौटते हैं अंतिम संस्कार की प्रथा पर। बूढ़े की लाश का गला कटते ही दो शख्स मटकेनुमा मिट्टी का बर्तन लेकर आए। उन्होंने कटे हुए सिर को हाथ में उठाया और गौर से देखने लगे, जैसे नाप रहे हों। फिर मिट्टी के बर्तन को औंधा करके उसे करीने से पत्थर से तोड़ने लगे, ताकि सिर उसमें समा जाए। फिर उसी बर्तन में सिर डालकर लड़के को थमा दिया। धड़ जस का तस यहीं पड़ा रहा। सभी लोग सिर को लेकर पहाड़ी के दूसरे हिस्से की तरफ चल दिए। वहां जगह-जगह पर छोटे-छोटे मिट्टी के चबूतरे जैसे बने हैं। सभी पर वैसे ही मटके रखे हैं जैसे मटके में सिर है। लड़का एक खाली चबूतरे की तरफ बढ़ा और मटका रख दिया। फिर मटके के ऊपर पत्थर रख दिया। भीड़ से एक शख्स शराब की बोतल और खाना लेकर आया और लड़के की ओर बढ़ दिया। लड़के ने कुछ बुदबुदाते हुए शराब और खाना इसी चबूतरे पर चढ़ा दिया। उधर, बिना सिर की लाश वहीं पड़ी रही। धीरे-धीरे सभी लोग अपने गांव लौट गए। वांचो लोगों में प्राकृतिक मौत होने पर लाश को इसी तरह डेढ़ महीने के लिए पहाड़ी पर छोड़ देते हैं। कोई जानवर लाश को न खा जाए इसलिए बारी-बारी से लोग रखवाली करते हैं। फिर सिर काटकर अंतिम संस्कार किया जाता है। दिलचस्प बात ये है कि इस तरह से अंतिम संस्कार सिर्फ प्राकृतिक मौत होने पर ही करते हैं। दुर्घटना या हत्या होने पर ये लोग लाश को पहाड़ी पर ही फेंक देते हैं। जिसे जानवर नोच-नोचकर खा जाते हैं। दरअसल, इनका मानना है कि आत्मा सिर में बसती है। इसलिए सिर को सुरक्षित रखा जाता है, ताकि पूर्वजों के दर्शन होते रहें। जब कोई शख्स अप्राकृतिक मौत मरता है तो उसकी आत्मा उसी वक्त निकल जाती है। वांचो लोग जिस तलवार से लाश का गला रेतते हैं, उसे चंग कहते हैं। जहां लाश का धड़ पड़ा रहता है, उसे जुकथो कहते हैं। जिस जगह पर मिट्टी का प्लेटफॉर्म बनाकर सिर रखा जाता है वो जालो है। वांचो लोग अरुणाचल प्रदेश की पटकाई की पहाड़ियों में बसते हैं। ये जगह लोंगडिंग जिले में आती है जो गुवाहाटी से 350 किलोमीटर दूर है। इनको जानने मैं पहुंची हूं पटकाई की पहाड़ियों पर। मेरे साथ हैं इस समुदाय को जानने वाले एंथ्रोपोलोजिस्ट नोट्‌टोई वांगसाहम। जो लोंगडिंग से ही साथ आए हैं। दोपहर के 12 बजे थे। हम पहाड़ी से पैदल ही गांव की तरफ बढ़ने लगे। रास्ते में नोट्‌टोई ने बताया कि- ‘वांचो लोगों में आज भी राजा का शासन है। इनसे मिलने के लिए राजा की इजाजत जरूरी है। इसलिए हमें सबसे पहले राजा के सामने जाकर हाजिरी लगानी होगी। तभी बस्ती में घुस पाएंगी।’ ‘कौन है यहां के राजा?’ मैंने पूछा ‘पहले तो जितवंग वाहम यहां के राजा थे लेकिन, चार साल पहले उनकी मौत हो गई। अब रानी का राज है।’ ‘तो राजा की जगह रानी से इजाजत लेनी पड़ती है?’ ‘हां, अभी तो रानी ही सब देखती हैं लेकिन, उनके बेटे को अब लोग राजा कहने लगे हैं।’ अब तक हम 5 किलोमीटर चल चुके थे। कुछ ही दूर बांस से बने घर नजर आने लगे। किसी की टीन की छत चमक रही थी तो किसी की छत यहां के स्थानीय पेड़ टोको लीफ से बनी थी। यहां सिर्फ एक घर ऐसा दिखा जो आधा सीमेंट और आधा बांस से बना है। ये घर काफी बड़ा है। नोट्‌टोई ने बताया कि ‘यही रानी का घर है।’ जैसे ही रानी के घर के सामने पहुंचे, एक महिला हमें अंदर ले गई। नजरें घुमाकर देखा तो दीवारों पर जानवरों की खाल और खोपड़ियां टंगी हैं। मैंने नोट्‌टोई से इशारे में पूछा तो कहने लगे- ‘पहले के समय में वांचो जंगली जानवरों का शिकार करते थे। ये ऐसे ही शिकार किए हुए जानवरों की खाल हैं। नोट्‌टोई बताते हैं कि ‘वांचो लोग कबीले की शान बढ़ाने के लिए दुश्मनों के सिर, बाजू और टांग काटकर ले आते थे। हर वांचो बस्ती में म्यूजियम की तरह एक जगह होती थी, जिसे ‘साउतुंग’ कहते थे। यहीं दुश्मन के कटे हुए सिर सजाए जाते थे। साल में एक बार उन्हें शराब और खाना चढ़ाकर पूजा भी की जाती थी। अब यहां लोग क्रिश्चियैनिटी को मानने लगे हैं। इसलिए धीरे-धीरे ये सब बंद हो गया और साउतुंग भी खत्म हो गए। अब सिर्फ जानवरों के सिर और खाल बची हैं।’ हम लोग ड्राइंग रूम के सोफे पर बैठकर रानी सेंगम वांग्चा वांचो का इंतजार करने लगे। दीवार पर चीते की खाल टंगी है। पास ही बंदूकें और जंगली सुअर के सिर भी। तभी एक महिला कमरे में आती हैं, सफेद रंग की शॉर्ट कुर्ती और नीले रंग की शॉलनुमा लॉन्ग स्कर्ट लपेटे। गले में चांदी के सिक्कों की माला और माथे पर रंग-बिरंगे मोतियों से बनी पट्टी पहने। पहनावा देखकर पता चल रहा है कि यही रानी हैं। मैंने रानी से सबसे पहले उनके कपड़ों के बारे में पूछा, वो बताने लगीं कि- ‘ये शॉलनुमा स्कर्ट हमारी पारंपरिक पोषाक है। इसे नीथो कहते हैं।’ मैंने दीवार पर टंगे जंगली सुअर के सिर को देखकर पूछा, ‘इसका शिकार राजा ने किया था?’ रानी बताती हैं कि- ‘बस्ती में जब भी कोई जंगली सुअर का शिकार करता है, तो उसका सिर और रीढ़ की हड्डी के पास का मांस हमारे घर भेजते हैं। बाकि जानवरों का केवल सिर ही राजा के घर भेजते हैं। उसके बाद ही वो खुद खा सकते हैं। अगर कोई ऐसा नहीं करता तो उसे बस्ती से निकाल दिया जाता है।’ ‘रीढ़ की हड्डी का मांस?’ ‘हां, इसे हम घरों में लटकाकर सुखाते हैं और जब मन हो पका लेते हैं।’ ये कहते हुए रानी मुझे रसोई में ले गईं। यहां एक लकड़ी से सहारे छत से मांस के लंबे और चपटे टुकड़े लटक रहे हैं। कुछ तो एकदम ताजे हैं लेकिन कुछ सूख हुए। यहीं नोट्‌टोई बताते हैं कि ‘वांचो की हर बस्ती का एक राजा होता है। बस्तियों के राजा मिलकर एक चीफ चुनते हैं, जो वांचो लोगों से जुड़े सभी अहम फैसले लेता है।’ आखिर में रानी से बस्ती में जाने की इजाजत लेते हुए हम यहां से निकल पड़े। टीन की छत वाले घर के बाहर एक शख्स बैठा है। उसने गले में मोतियों की माला और किसी जानवर की खोपड़ी जैसा कुछ पहना है। नोट्‌टोई उनसे मिलवाने ले गए। शख्स का नाम है एल जेवंग वांगसु। मैंने सबसे पहले उनके पहनावे के बारे में पूछा, वो बोले- ‘ये बंदर का सिर है। इसका कपाल लकड़ी से बना है, लेकिन इसपर चढ़ी चमड़ी असली बंदर की है। इसके अलावा माला में जानवरों के नाखून और दांत भी पिरोए हुए हैं। सिर पर जो पहना है वो भालू के बाल से बना है। इसे खोहम कहते हैं।’ जेवंग की पत्नी मंगखाऊ वांगसु अंदर आने के लिए कहती हैं। घुसते ही मछली पकने की महक आने लगी। नजरें घुमाकर देखा तो फर्श से लेकर दीवारें तक सब बांस का बना है। छत से मांस के लंबे, चपटे टुकड़े लटक रहे हैं। कमरे के एक कोने में साड़ी का झूला बंधा है। महिलाओं के शरीर पर गुदे टैटू से पता चलती है उम्र मंगखाऊ के पैर के निचले हिस्से में बना टैटू देखकर मैंने उसका मतलब पूछा। वो कहने लगीं- ‘टैटू हम वांचो महिलाओं की पहचान है। इससे महिलाओं की उम्र का पता लगता है। जब लड़की किशोरावस्था में कदम रखती है तो नाभि के पास टैटू बनाया जाता है। पैर के निचले हिस्से पर टैटू का मतलब वो जवान हो गई यानी रजस्वला हो चुकी है। जांघ पर बने टैटू का मतलब है कि अब लड़की जीवनसाथी चुन सकती है। महिलाओं के छाती पर बने टैटू का मतलब है कि वे शादीशुदा हैं।’ ‘लड़कियां अपना जीवनसाथी कैसे चुनती हैं?’ मैंने पूछा वो बताने लगीं- ‘ज्यादातर प्रेम विवाह होते हैं। लड़की को जब कोई लड़का पसंद आता है तो उसे एक झुमका देती है। जिसे माएपो कहते हैं। यही विवाह का प्रस्ताव माना जाता है। इसके बाद लड़के वाले, लड़की के घर जाते हैं। उन्हें- पान, तंबाकू और स्थानीय पेड़ की छाल पेनखोन और केकखोन देते हैं। इससे होंठ लाल हो जाते हैं। फिर लड़का-लड़की एकदूसरे को माला पहनाते हैं। यह रस्म ‘हिंगहो एलाई’ कही जाती है।’ लड़की की मां को घर बुलाकर शराब परोसते हैं लड़के वाले जेवांग बताते हैं कि ‘कुछ दिन बाद लड़के वाले लड़की की मां को घर बुलाते हैं। मेहमाननवाजी करते हैं। वहां हमारी खास शराब यानी ‘जू’ के साथ मछली और तरह-तरह के जानवरों का मांस परोसा जाता हैं। लड़की की मां वापस घर जाकर बेटी की शादी तय होने का ऐलान करती है। फिर लड़के की मां को बुलाकर यही रस्म लड़की वाले निभाते हैं।’ बीच में ही जेवांग की पत्नी मंगखाऊ, चाय ले आईं। ये लाल रंग की है। बिना दूध वाली। ये जड़ी-बूटी से बनी है, इसे खलप कहते हैं। स्वाद थोड़ा कड़वा सा है, ब्लैक टी जैसा। रिश्ता तय होने के बाद लड़का-लड़की बना सकते हैं संबंध जेवांग शादी की परंपरा के बारे में बताते हैं- ‘जब दोनों तरफ से रिश्ता तय होने का ऐलान होता है, तब ‘टोईकट’ परंपरा होती है। इसमें लड़के वाले लड़की और उसकी सहेलियों को घर बुलाते हैं। लड़का सबको अपने खेत दिखाने ले जाता है। वहां नाच-गाना भी होता है। फिर लड़का सभी लड़कियों को कपड़े और गहने तोहफे में देता है। इसके बाद से लड़का-लड़की जब चाहें मिल सकते हैं। एक-दूसरे के घर जा सकते हैं। अगर घर पर न मिलना हो, तो बस्ती के कम्युनिटी हॉल में भी जा सकते हैं। जिसे ‘जिप्सम नाइलो’ कहते हैं। यहां कपल्स जब चाहें आ सकते हैं और संबंध भी बना सकते हैं। प्रेग्नेंट होने के बाद मिलता है बहू का दर्जा जब लड़की प्रेग्नेंट हो जाती है तो तीसरे महीने लड़के के घर जाती है। तब खोकम की रस्म होती है, यानी लड़की के छाती के बीचों-बीच ‘खाहू’ नाम का टैटू बनाया जाता है। फिर पूजा होती है, जिसमें अंडा, अदरक और शराब चढ़ाई जाती है। इस रस्म के बाद पुजारी ऐलान करता है कि ‘ये लड़की आज से लड़के के परिवार का हिस्सा है।’ इसके बाद भैंसा या बड़ा सुअर काटा जाता है। जानवर की खाल के छोटे-छोटे टुकड़े साफ कर के लड़की के घर भेज देते हैं। जिसे पूरे गांव में बांटा जाता है, जैसे-शादी के बाद मिठाई बांटी जाती है। खोकम के बाद रिश्ते को तोड़ना आसान नहीं होता। अगर पति या पत्नी में से कोई अलग होना चाहे, तो उसे कीमत चुकानी पड़ती है- कभी सूअर देकर तो कभी जमीन देकर।’ लकड़ी की तलवार से काटी जाती है बच्चे की नाल मेरे साथी नोट्टोई बच्चे के जन्म से जुड़ी परंपरा के बारे में बताते हैं कि- बच्चे के जन्म के समय एक बुजुर्ग महिला को बुलाया जाता है। वो बांस से बनी चाकू से नाल काटती है, फिर उसे ओनोक नाम के पेड़ से बांध देती है। बड़ी बेटी को गहने और बड़े बेटे को मिलती है जमीन जायदाद वांचो लोगों में घर की बागडोर महिलाओं के हाथ में होती है। मां के गहने सबसे बड़ी बेटी को मिलते हैं। जमीन-जायदाद सबसे बड़े बेटे के हिस्से जाती है। बाकी बच्चों को कुछ भी नहीं दिया जाता है। हां, अगर परिवार थोड़ा संपन्न हो, तो उन्हें भी थोड़ा-बहुत हिस्सा दे दिया जाता है। यहां आज भी शिकार की परंपरा है। लोग कभी समूह में, तो कभी अकेले शिकार पर निकलते हैं। शिकार के बाद जानवर की पूजा होती है। फिर उसका सिर राजा को दिया जाता है और बाकी मांस पूरी बस्ती में बांट दिया जाता है। यहां से निकलकर हम दूसरी वांचो बस्ती की ओर गए। यहां एक खास तरह की पोषाक में कुछ मर्द खड़े हैं। सभी के सिर पर बांस की टोपी है। यह हॉर्नबिल पक्षी के पंखों से सजी है। इसमें भालू, बंदर, बकरी के बाल लगे हैं। गले में मोतियों की माला है, जिसमें जंगली सूअर के दांत, भालू के नाखून, शेर के दांत या बंदर की चमड़ी से बनी चीजें लगी हैं। शरीर के निचले हिस्से में लंगोट की तरह कुछ पहना हुआ है, जिससे केवल प्राइवेट पार्ट ढका है। परेशानी दूर करने के लिए पुजारी चढ़ाता है बलि वांचो लोग आत्माओं में विश्वास करते हैं। अगर किसी के साथ कुछ बुरा होता है तो पुजारी को बताते हैं। फिर वो सपना देखकर समस्या का कारण बताता है। कई बार पुजारी को घर भी बुलाया जाता है। रास्ते में उसको शराब पिलाई जाती है। परेशानी दूर करने के लिए कुत्ता, बकरी या मुर्गा-मुर्गी की बलि दी जाती है। वांचो लोगों के पास खेती ही कमाई का कोई साधन नहीं है। ये लोग धान के अलावा कई तरह के मिलेट की खेती करते हैं। जैसे- मीखा, कामई, पोलोम, कच्चू, मनसा, जोक, विक्वप, विकुअत, बाह और शिनेई। बच्चों के लिए प्राइमरी स्कूल तो गांव में ही लेकिन आगे की पढ़ाई के लिए लोंगडिंग जाना पड़ता है। इनके ज्यादातर बच्चे सरकारी नौकरी में हैं। कई घरों के बच्चे आर्मी में भी हैं। इस सीरीज में अगले हफ्ते पढ़िए ऐसे ही अनोखे मैतेई लोगों की कहानी…. —————————————————- 1- 100 किलो का पत्थर उठाया, लड़की बोली- तुमसे करूंगी शादी:औरतें 5 पति भी रख सकती हैं, 1800 अनोखे ‘टोडा’ लोगों की कहानी सुबह की हल्की धुंध अभी पहाड़ियों से हटी नहीं है। घास पर जमी ओस चमक रही है। मैदान के किनारे जंगल में एक पुराने पेड़ के नीचे लोग जमा हुए हैं। इसी पेड़ के नीचे एक बड़ा इम्तिहान होने वाला है। पूरी कहानी यहां पढ़ें 2- शरीर के ऊपरी हिस्से पर कपड़े नहीं पहनतीं बोंडा महिलाएं:शादी ठुकराने पर लड़कीवालों का घर तोड़ देते हैं, मृत्युभोज में खाते हैं गाय का मांस सुबह करीब 10 बजे का वक्त। मिट्टी से लिपा-पुता एक कच्चा घर। बाहर सिर मुंडाए दो महिलाएं बैठी हैं। उम्र करीब 38-40 साल। ऊपरी बदन लगभग नंगा। बाकी शरीर पर नाम मात्र के कपड़े। छाती छिपाने के लिए मोतियों और कौड़ियों से बनी मालाएं। पूरी कहानी यहां पढ़ें



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments