HomeIndiaमुज्तबा खामेनेई की नियुक्ति पर भड़के अमेरिकी सीनेटर, बोले- पिता जैसा ही...

मुज्तबा खामेनेई की नियुक्ति पर भड़के अमेरिकी सीनेटर, बोले- पिता जैसा ही हश्र होगा


अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत के बाद उनके बेटे मुज्तबा खामेनेई को ईरान का सुप्रीम लीडर चुना गया है. अमेरिकी सीनेटरों ने मुज्तबा की ईरान के सुप्रीम लीडर के तौर पर नियुक्ति को लेकर जमकर आलोचना की. सीनेटरों का कहना है कि मुज्तबा को सुप्रीम लीडर चुना जाना ईरान में वह बदलाव नहीं है, जिसकी हम उम्मीद कर रहे थे.

सीनेटर लिंडसे ग्राहम का कहना है कि ईरान का मारे गए अली खामेनेई के बेटे को उनकी जगह चुनना वह बदलाव नहीं है जिसकी हम उम्मीद कर रहे हैं. दक्षिण कैरोलिना के रिपब्लिकन सीनेटर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘मेरा मानना ​​है कि यह बस कुछ ही समय की बात है जब उनका भी वही हश्र होगा जो उनके पिता का हुआ था.’

ग्राहम लंबे समय से ईरान पर हमले करने की वकालत करते रहे हैं. द वॉल स्ट्रीट जर्नल की पिछले हफ्ते आई रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को यह भी सलाह दी थी कि ट्रंप को कार्रवाई के लिए कैसे राजी किया जाए.

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से जब मुज्तबा खामेनेई के सुप्रीम लीडर चुने जाने को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने इस पर फिलहाल कोई टिप्पणी करने से मना कर दिया. हालांकि, द टाइम्स ऑफ इजरायल के साथ एक छोटे से टेलीफोन इंटरव्यू में उन्होंने ईरान के खिलाफ हमले रोकने को लेकर बड़ा बयान दिया है.

द टाइम्स ऑफ इजरायल ने जब उनसे पूछा कि ईरान के खिलाफ हमले कब खत्म करेंगे, तो अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि वह इजरायल के साथ मिलकर तय करेंगे कि ईरान के साथ युद्ध कब खत्म करना है. इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू इस फैसले का हिस्सा होंगे, लेकिन आखिरी फैसला वॉशिंगटन का होगा.

ट्रंप ने इजरायली मीडिया से कहा, ‘हम बात कर रहे हैं. मैं सही समय पर फैसला लूंगा, लेकिन हर बात का ध्यान रखा जाएगा.’ इसके बाद जब उनसे पूछा गया कि क्या अमेरिका के हमले रोकने के फैसले के बाद इजरायल युद्ध जारी रख सकता है, तो ट्रंप ने कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि इसकी जरूरत होगी.’

सीआईए के पूर्व डायरेक्टर डेविड पेट्रियस ने कहा कि ईरान के सुप्रीम लीडर के तौर पर मुज्तबा खामेनेई की नियुक्ति दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने अमेरिकी मीडिया से कहा, ‘हम मानते हैं कि वह अपने पिता की तरह ही रहेंगे, जो बहुत कट्टर विचारधारा वाले मौलवी थे. मुझे नहीं लगता कि वह अयातुल्लाह भी हैं, जब तक कि उन्हें हाल ही में प्रमोट न किया गया हो. कई दशक पहले जब उनके पिता को चुना गया था, तब वह भी इतने मशहूर नहीं थे.’

इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने बुधवार को चेतावनी दी कि ईरान जिस भी नेता को इजरायल को खत्म करने के लिए चुनेगा, वह निश्चित ही हत्या का टारगेट होगा, चाहे उसका नाम कुछ भी हो या वह कहीं भी छिपा हो. नेसेट (इजरायली संसद) के स्पीकर आमिर ओहाना ने भी यही बात दोहराई और कहा कि इंसान बदलने से सरकार की प्रकृति नहीं बदलती और इजरायल नए नेतृत्व से उसी तरह निपटेगा.



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments