एक्टर सुनील लहरी आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं. उन्हें टीवी शो रामायण से नेम-फेम मिला था. इस शो में वो लक्ष्मण के रोल में थे. उन्होंने अपनी एक्टिंग फैंस का दिल जीता और लोग उन्हें लक्ष्मण ही मानने लगे. आज भी लोग उन्हें पूजते हैं और उनसे मिलने के लिए बेसब्र रहते हैं. हाल ही में उनके घर एक फैन झूठ बोलकर पहुंचा. हालांकि, सिक्योरिटी ने उसे भगा दिया.
उन्होंने कैप्शन में लिखा- हाल ही का एक मजेदार किस्सा, जिसने मुझे रामायण की शूटिंग के दिनों की याद दिला दी.
झूठ बोलकर सुनील लहरी के घर पहुंचा फैन
वीडियो में उन्होंने कहा, ‘जय श्रीराम आप लोगों के साथ एक मजेदार किस्सा शेयर करता हूं जिसने मुझे रामायण के शूटिंग के दिनों की याद दिला दी. हुआ ऐसा कि हाल ही में मुझे मिलने के लिए कोई हमारी बिल्डिंग में आया. मुझे झूठा रिश्तेदार बनाकर. हमारे यहां कि सिक्योरिटी ने जब चेक किया तो पता चला कि वो झूठ बोल रहा है. हालांकि, उसको भगा दिया गया.’
सुनाया रामायण के दिनों का किस्सा
आगे उन्होंने कहा, ‘इस बात ने मुझे शूटिंग के दिनों का किस्सा याद दिला दिया. जब एक दिन हम धूप में आउटडोर करके आए थे. उसके बाद दो-तीन दिन का ब्रेक था. मैंने दाढ़ी नहीं बनाई हुई थी और बालों में तेल लगाया हुआ था. मैं मेन गेट के पास टहल रहा था. एक साहब मुझे मिलने आते हैं और कहते हैं हैलो भाई साहब मैं सुनील लहरी से मिलना चाहता हूं. मैंने कहा आप कौन तो बोले मैं उनका भाई हूं. भोपाल से आया हूं. कमाल है मुझे मिलने आया और मुझे ही नहीं पहचान पाया. कहते हैं न जब आपका समय सही चल रहा हो तो अनजाने भी आपके रिश्तेदार बन जाता है और जब आपका समय सही न हो तो रिश्तेदार भी अनजाने बन जाते हैं.’


