
अपनी शानदार कॉमेडी से करोड़ों चेहरों पर मुस्कान लाने वाले एक्टर राजपाल यादव इन दिनों मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। 9 करोड़ रुपए के कर्ज और चेक बाउंस मामले में राजपाल यादव दिल्ली की तिहाड़ जेल में सलाखों के पीछे हैं। उनकी जमानत याचिका पर 12 फरवरी 2026 को दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई हुई।
हालांकि, राजपाल यादव को फिलहाल कोई राहत नहीं मिली और कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 16 फरवरी के लिए टाल दी है। सुनवाई के दौरान राजपाल यादव के वकील ने दलील दी कि शाहजहांपुर में उनके परिवार में 19 फरवरी को उनकी भतीजी की शादी है। एक्टर इस समारोह में शामिल होना चाहते हैं, इसलिए उन्हें जमानत पर रिहा किया जाए।
वकील ने यह भी बताया कि राजपाल अब तक करीब 3 करोड़ रुपए चुका चुके हैं और बाकी रकम के लिए भी वे सुरक्षा राशि जमा करने को तैयार हैं। राजपाल यादव 5 फरवरी से तिहाड़ जेल में न्यायिक हिरासत में बंद हैं।
कोर्ट की सख्त टिप्पणी
जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा ने सुनवाई के दौरान बेहद सख्त रुख अपनाया। कोर्ट ने कहा कि राजपाल यादव जेल में किसी कोर्ट के आदेश की वजह से नहीं, बल्कि अपने खुद के वादों को पूरा न करने की वजह से हैं। जस्टिस शर्मा ने टिप्पणी की कि 'आपको कर्ज चुकाने के लिए दर्जनों बार समय दिया गया। आपने खुद गुनाह कबूल किया और वादा किया कि आप पैसे लौटाएंगे, लेकिन आपने अपना वादा नहीं निभाया।'
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि जब आरोपी खुद अपराध स्वीकार कर चुका हो, तो सजा के निलंबन का आधार कमजोर हो जाता है। कोर्ट ने आगे कहा, 'मुझे आपसे सहानुभूति हो सकती है, लेकिन कानून तो कानून है।'
क्या है 9 करोड़ का मामला?
यह विवाद साल 2010 में शुरू हुआ था। राजपाल यादव ने अपनी पहली निर्देशित फिल्म 'अता पता लापता' बनाने के लिए दिल्ली की कंपनी 'मुरली प्रोजेक्ट्स' से 5 करोड़ रुपए का कर्ज लिया था। 2012 में रिलीज हुई यह फिल्म फ्लॉप हो गई, जिससे राजपाल वित्तीय संकट में फंस गए। ब्याज और कानूनी खर्चों के साथ यह कर्ज बढ़कर लगभग 9 करोड़ रुपए हो गया। कई बार चेक बाउंस होने और समझौते की शर्तों को पूरा न करने के कारण, अंततः उन्हें 5 फरवरी 2026 को सरेंडर करना पड़ा।
मुश्किल की इस घड़ी में राजपाल यादव अकेले नहीं हैं। एक्टर सोनू सूद ने उनकी मदद के लिए हाथ बढ़ाया है और उन्हें अपनी अगली फिल्म में साइन किया है। इसके अलावा मीका सिंह, तेज प्रताप यादव और कई अन्य हस्तियों ने भी आर्थिक मदद की पेशकश की है।


