
'एनिमल' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म देने वाले निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म 'स्पिरिट' काफी समय से सुर्खियों में हैं। फिल्म में साउथ सुपरस्टार प्रभास लीड़ रोल में नजर आने वाले हैं। फिल्म में प्रभास के साथ दीपिका पादुकोण नजर आने वाली थीं। लेकिन एक्ट्रेस ने इस फिल्म से हाथ पीछे खींच लिए।
वहीं अब फिल्म के सेट से आ रही खबरें फैंस के लिए थोड़ी परेशान करने वाली हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नेशनल अवॉर्ड विजेता अभिनेता प्रकाश राज ने भी इस मेगा-प्रोजेक्ट को अलविदा कह दिया है।
ओटीटी प्ले की रिपोर्ट के अनुसार, 'स्पिरिट' की शूटिंग हैदराबाद में चल रही थी। तभी एक महत्वपूर्ण सीन की शूटिंग और उसके इंटरप्रिटेशन को लेकर प्रकाश राज और निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा के बीच तीखी बहस हुई। बताया जा रहा है कि यह वैचारिक मतभेद इतना बढ़ गया कि अभिनेता ने फिल्म से अलग होने का फैसला कर लिया।

हालांकि, अभी तक न तो प्रकाश राज और न ही फिल्म के मेकर्स ने इस पर कोई आधिकारिक बयान दिया है। 'स्पिरिट' की कास्टिंग को लेकर यह कोई पहला बदलाव नहीं है। इससे पहले दीपिका पादुकोण को मुख्य भूमिका के लिए साइन किया जाना था, लेकिन फीस और वर्क शेड्यूल को लेकर हुए मतभेदों के बाद उन्होंने प्रोजेक्ट छोड़ दिया था। उनके बाद तृप्ति डिमरी को प्रभास के अपोजिट कास्ट किया गया।
फिल्म 'स्पिरिट' का निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा कर रहे हैं। फिल्म में प्रभास के साथ तृप्ति डिमरी, विवेक ओबेरॉय और कंचना नजर आएंगी। यह फिल्म 5 मार्च 2027 को कई भाषाओं में रिलीज होगी।
प्रकाश राज की बात करें तो वह भले ही 'स्पिरिट' से अलग हो गए हों, लेकिन उनके पास बड़े प्रोजेक्ट्स की कमी नहीं है। वह जल्द ही 'डकैत' और थलपति विजय की आखिरी फिल्म 'जन नायकन' में नजर आएंगे। साथ ही, एसएस राजामौली की अगली फिल्म 'वाराणसी' में भी उनके एक अहम किरदार होने की चर्चा है।


