
'बिग बॉस 19' की ट्रॉफी अपने नाम करने के बाद गौरव खन्ना और उनकी पत्नी आकांक्षा चमोला लगातार सुर्खियों में हैं। आकांक्षा अक्सर अपनी बोल्ड तस्वीरों से इंटरनेट पर तहलका मचाती रहती हैं। लेकिन इन दिनों वह सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे अपने एक वीडियो की वजह से ट्रोलर्स के निशाने पर हैं।
हाल ही में आकांक्षा ने अपने आने वाले वेब शो 'दिल धोखा और डिजायर' के प्रमोशन के लिए को-स्टार्स कुंवर अमर और अली हसन के साथ एक डांस वीडियो शेयर किया था। इस वीडियो को लेकर इंटरनेट यूजर्स ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया और उनके तथा गौरव के रिश्ते में दरार आने की अटकलें लगाने लगे।
अब आकांक्षा चमोला ने ट्रोलर्स को जवाब दिया है। एक्ट्रेस ने इन्फ्लुएंसर जयति अनस्क्रिप्टेड का एक वीडियो रीपोस्ट किया है। इसमें उन्होंने कहा कि लोग अपने सारे काम-धंधे छोड़कर आकांक्षा पर फोकस्ड हैं।
A post shared by Akanksha Chamola (@akankshagkhanna)
आकांक्षा ने कहा, शादीशुदा होना और धोखा न देना एक बुनियादी बात है, यह कोई महान उपलब्धि नहीं है। उन्होंने दोहराया कि वफादारी किसी भी रिश्ते की नींव होती है और इसे 'ग्रैंड जेस्चर' की तरह नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने उन लोगों पर भी निशाना साधा जो उनके पति द्वारा स्क्रीन पर किए जाने वाले इंटीमेट सीन्स पर चुप रहते हैं, लेकिन उनके डांस वीडियो पर सवाल उठाते हैं।
बता दें कि आकांक्षा चमोला और गौरव खन्ना की पहली मुलाकात एक ऑडिशन के दौरान हुई थी। उस समय गौरव टीवी इंडस्ट्री का एक जाना-माना नाम थे, जबकि आकांक्षा एक न्यूकमर थीं। दिलचस्प बात यह है कि पहली मुलाकात में आकांक्षा, गौरव को पहचान नहीं पाई थीं।
आकांक्षा ने गौरव को जूनियर आर्टिस्ट समझ लिया था और उन्हें एक्टिंग के टिप्स देने लगी थीं। गौरव ने भी मजे लेते हुए अपनी असली पहचान नहीं बताई और चुपचाप उनके टिप्स सुनते रहे। बाद में जब आकांक्षा को पता चला कि गौरव एक बड़े स्टार हैं, तो वे काफी हैरान रह गई थीं। यही सादगी और मस्ती उनके रिश्ते की नींव बनी और साल 2016 में दोनों ने शादी कर ली।
गौरव जहाँ बिग बॉस जीतने के बाद सफलता के सातवें आसमान पर हैं, वहीं आकांक्षा भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर धमाका करने के लिए तैयार हैं। उनकी आगामी सीरीज 'दिल धोखा और डिजायर' 12 फरवरी 2026 से ShemarooMe पर स्ट्रीम होगी।


