अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने T20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा ले रही USA क्रिकेट टीम को शुभकामनाएं दी हैं. यह टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका की मेज़बानी में खेला जा रहा है, जिसमें कुल 20 टीमें भाग ले रही हैं. USA भी इन्हीं टीमों में से एक है. टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी को हुई, जबकि फाइनल मैच 8 मार्च को खेला जाएगा.
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर लिखा, ‘मुझे अभी पता चला कि भारत में क्रिकेट वर्ल्ड कप शुरू हो गया है. मैं टीम USA को ढेरों शुभकामनाएं देता हूं. हमारी टीम बहुत मजबूत है. पूरा अमेरिका आपके साथ है.’ ट्रंप का यह संदेश USA टीम के लिए हौसला बढ़ाने वाला माना जा रहा है. USA को ग्रुप A में रखा गया है, जहां उसका मुकाबला भारत, पाकिस्तान, नामीबिया और नीदरलैंड्स जैसी टीमों से है. USA ने अपने अभियान की शुरुआत भारत के खिलाफ 7 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में की.
भारत को USA ने कड़ी टक्कर दी
T20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले मुकाबले में भारत को USA ने कड़ी टक्कर दी, लेकिन अंत में भारत ने 29 रन से जीत हासिल की. पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम पावरप्ले में ही 46 रन पर 4 विकेट गंवा बैठी. अभिषेक शर्मा खाता भी नहीं खोल सके. USA के गेंदबाज़ों ने शुरुआती ओवरों में भारत पर दबाव बना दिया. इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने शानदार पारी खेली. उन्होंने 49 गेंदों पर नाबाद 84 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 4 छक्के शामिल थे. उनकी पारी की बदौलत भारत 9 विकेट पर 161 रन तक पहुंच सका. यह सूर्यकुमार की कप्तान के रूप में पांचवीं T20 पारी में चौथी अर्धशतकीय पारी थी.
USA ने की शानदारी गेंदबाजी
USA की ओर से शैडली वैन शाल्कवाइक ने 4 विकेट लेकर सबसे अच्छा प्रदर्शन किया. जवाब में भारतीय गेंदबाज़ों ने भी शानदार खेल दिखाया और USA की टीम को 8 विकेट पर 132 रन पर रोक दिया. मोहम्मद सिराज ने 3 विकेट लेकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई.


