
मस्ती 4 और कैलेंडर गर्ल्स जैसी फिल्मों में नजर आ चुकीं एक्ट्रेस रूही सिंह इन दिनों सुर्खियों में हैं। हाल ही में रूही ने खुलासा किया कि सोशल मीडिया पर उनकी पहचान का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। रूही ने बताया कि कोई शख्स उनके नाम से वॉट्सएप पर लोगों को अश्लील मैसेज भेज रहा है और फर्जी प्रोजेक्ट्स के नाम पर संपर्क कर रहा है।
रूही सिंह ने फैंस को इस फ्रॉड के बार में अलर्ट किया है साथ ही पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। रूही सिंह ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर कुछ स्क्रीनशॉट्स भी साझा किए, जिसमें एक अनजान नंबर उनकी फोटो लगाकर लोगों से 'वाहियात' बातें कर रहा था।

शख्स न केवल अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहा था, बल्कि रूही बनकर लोगों को फोटोशूट के बहाने जाल में फंसाने की कोशिश भी कर रहा था। एक्ट्रेस ने तुरंत एक्शन लेते हुए फैंस को चेतावनी दी और कहा, 'यह मैं नहीं हूं। कृपया इस नंबर को ब्लॉक और रिपोर्ट करें।'

रूही ने इस मामले में मुंबई पुलिस और साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है ताकि अपराधी को पकड़ा जा सके। उन्होंने प्रॉड के लिए लिखा, 'कुछ तो बेहतर करो। किसी की पहचान चुरा रहे हो? अपनी जिंदगी जियो।'

कौन हैं रूही सिंह?
रूही सिंह एक मॉडल, एक्ट्रेस और ब्यूटी पेजेंट होल्डर हैं। जयपुर, राजस्थान में जन्मी रूही ने मॉडलिंग से अपने करियर की शुरुआत की थी। रूही ने साल 2011 में 'फेमिना मिस इंडिया ईस्ट' में हिस्सा लिया और फर्स्ट रनर-अप रहीं। साल 2014 में उन्होंने 'मिस यूनिवर्सल पीस एंड ह्यूमैनिटी' का खिताब जीतकर देश का नाम रोशन किया।
रूही सिंह ने साल 2015 में मधुर भंडारकर की फिल्म 'कैलेंडर गर्ल्स' से बॉलीवुड में कदम रखा। इसके बाद वह 'इश्क फॉरएवर' और मल्टीस्टारर फिल्म 'मस्ती 4' में रितेश देशमुख और विवेक ओबेरॉय के साथ नजर आईं। रूही 'चक्रव्यूह' और 'रनवे लुगाई' जैसी वेब सीरीज में भी काम कर चुकी हैं।


