
भारतीय सिनेमा में अक्सर फिल्मों के जाति आधारित शीर्षकों और कहानियों को लेकर विवादों होते रहते हैं। हाल ही में मनोज बाजपेयी की 'घूसखोर पंडत' को लेकर हंगामा मचा था। अब एक नई फिल्म 'यादव जी की लव स्टोरी' विवादों में आ गई है।
उत्तर प्रदेश के संभल और फिरोजाबाद जिले में यादव समाज के लोगों ने फिल्म के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। समाजवादी पार्टी ने जिला प्रशासन को ज्ञापन देकर फिल्म की रिलीज रोकने की मांग की है। उन्होंने सिनेमाघरों को इसे प्रदर्शित न करने की चेतावनी भी दी है।
बॉलीवुड की अन्य लेटेस्ट खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
उत्तर प्रदेश के संभल जिले में यादव समुदाय के लोगों ने फिल्म के पोस्टर जलाकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि फिल्म का शीर्षक और इसकी कहानी उनके समाज की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने और छवि धूमिल करने के उद्देश्य से बनाई गई है।
A post shared by Om Thakuraani Production (@omthakuraaniproduction)
स्थानीय प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापन में समाज के प्रतिनिधियों ने मांग की है कि इस फिल्म की रिलीज पर तुरंत रोक लगाई जाए। प्रदर्शनकारियों ने सिनेमा हॉल संचालकों को भी चेतावनी दी है कि यदि फिल्म की स्क्रीनिंग की गई, तो आंदोलन और उग्र होगा।
क्या है फिल्म की कहानी
फिल्म 'यादव जी की लव स्टोरी' एक 'रोमांटिक थ्रिलर' जॉनर की फिल्म है। इसकी कहानी के केंद्र में सिंपल यादव (प्रगति तिवारी) है, जो एक बेहद शांत और संस्कारी लड़की है। कहानी तब मोड़ लेती है जब सिंपल यादव को एक अन्य धर्म के युवक से प्यार हो जाता है।
फिल्म में दिखाए गए इस लव-एंगल और शीर्षक में जाति विशेष के उपयोग को समुदाय ने 'लव जिहाद' जैसे एंगल से जोड़कर समाज को बदनाम करने की साजिश करार दिया है। फिल्म का निर्माण 'ओम ठाकुराणी प्रोडक्शन' के बैनर तले हुआ है। फिल्म में प्रगति तिवारी और विशाल मोहन लीड रोल में हैं। यह फिल्म 27 फरवरी 2026 को रिलीज हो रही है।


