इजरायल और अमेरिका के हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का पहला रिएक्शन सामने आया है. उन्होंने खामेनेई की मौत पर दुख जताया है. क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने बताया कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईरानी सर्वोच्च नेता अली खामेनेई और उनके परिवार के सदस्यों की हत्या पर ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है.
खामेनेई की मौत पर भड़के पुतिन
पुतिन ने कहा कि यह हत्या मानवीय नैतिकता और अंतरराष्ट्रीय कानून की घोर अवहेलना करते हुए की गई थी. उन्होंने कहा कि रूस में खामेनेई को एक उत्कृष्ट राजनेता के रूप में याद किया जाएगा, जिन्होंने रूस और ईरान के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया. इसके साथ ही पुतिन ने पेजेशकियन से खामेनेई के रिश्तेदारों और प्रियजनों के साथ-साथ ईरान की सरकार और लोगों के प्रति अपनी हार्दिक सहानुभूति और समर्थन व्यक्त करने के लिए भी कहा है.
ईरान ने US-इजरायल ने बदला लेने की कसम खाई
सुप्रीम नेता खामेनेई की मौत के बाद ईरान ने अमेरिका और इजरायल से बदला लेने की कसम खाई है. ईरान के सबसे ताकतवर लोगों में से एक, सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सेक्रेटरी अली लारीजानी ने अमेरिका के दिल में चाकू घोपने की बात कही. उन्होंने अमेरिका और इजरायल के खिलाफ और जवाबी कार्रवाई का वादा करते हुए कहा, ‘हमारी सेना का रिएक्शन और भी ज्यादा मजबूत होगा. उन्हें पता होना चाहिए कि वे बस हमला करके भाग नहीं सकते.’
रूसी विदेश मंत्रालय ने अमेरिका-इजरायल को हमले रोक कर बातचीत की राह अपनाने की सलाह देते हुए इसे बिना उकसावे के की गई कार्रवाई बताया. रूस ने कहा कि स्थिति को राजनीतिक और कूटनीतिक समाधान की राह पर वापस लाया जाना चाहिए. रूस ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से सिफारिश की है कि वह इन घटनाओं का निष्पक्ष आकलन करे.
ईरानी रक्षा मंत्री समेत कई टॉप अधिकारी की मौत
ईरान पर हमले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रूथ पर और इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने एक्स पर वीडियो संदेश जारी किया. इसमें दोनों ने ईरान के लोगों के साथ एकजुटता दिखाई और दावा किया कि दुनिया को आतंक के खतरे से बचाने के लिए उन्होंने ‘प्रिवेंटिव अटैक’ किया है.
ईरान के सरकारी मीडिया ने शनिवार (28 फरवरी 2026) को अमेरिकी और इजरायली हमलों में ईरान के रक्षा मंत्री अजीज नसीरजादेह और उसकी आर्म्ड फोर्सेज के चीफ ऑफ स्टाफ दोनों के मारे जाने की पुष्टि की थी. इससे पहले ईरान ने आईआरजीसी के नेता मेजर जनरल मोहम्मद पाकपुर और डिफेंस काउंसिल सेक्रेटरी अली शमखानी की मौत की पुष्टि की थी.


