HomeIndiaAssam Bangladeshi Muslim; Matia Detention Centre Story

Assam Bangladeshi Muslim; Matia Detention Centre Story


सूफी बांग्लादेश की रहने वाली हैं। उम्र करीब 25 साल। मार्च 2024 की एक रात पहली बार भारत में कदम रखा था। एक दोस्त भी साथ थी। दोनों बेहतर जिंदगी के लिए छिपते-छिपाते भारत आई थीं। दलाल ने उन्हें 34 हजार में बेच दिया, 18 महीने जेल में कटे।

.

बीते 4 महीने से सूफी का नया पता असम का मटिया डिटेंशन सेंटर है। हिमंता सरकार इसे होल्डिंग सेंटर कहती है। सूफी के साथ मुख्तार, फूल मियां, मानिकजन बेगम भी हैं, जो अपराधी नहीं हैं, लेकिन आजाद भी नहीं हैं।

असम में मार्च-अप्रैल में चुनाव हैं। बांग्लादेशी घुसपैठिए मुद्दा हैं। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा दावा कर चुके हैं कि असम की मुस्लिम आबादी में करीब 36% बांग्लादेशी हैं। 20 फरवरी को गृह मंत्री अमित शाह असम में थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राज में, जो भी अवैध रूप से देश में घुसा है, उसे वापस भेजा जाएगा। उन्होंने ये दावा भी किया कि असम के 7 जिलों धुबरी, बरपेटा, दर्रांग, मोरीगांव, बोंगाईगांव, नगांव और गोलपाड़ा में करीब 64 लाख बांग्लादेशी घुसपैठिए हैं।

ऊंची-ऊंची दीवारों और लोहे के भारी-भरकम गेट वाला डिटेंशन सेंटर असम की राजधानी गुवाहाटी से करीब 120 किमी दूर गोलपाड़ा जिले में ही है। इसमें कैद 133 विदेशी ‘घुसपैठियों’ में सिर्फ 11 बांग्लादेशी हैं। दैनिक भास्कर पहला मीडिया हाउस है, जो इस डिटेंशन सेंटर के अंदर पहुंचा।

कई तरह की परमिशन और प्रोसेस पूरी करने के बाद मैं डिटेंशन सेंटर के अंदर दाखिल हुई, जहां आज तक किसी रिपोर्टर को आने की इजाजत नहीं मिली थी।

कई तरह की परमिशन और प्रोसेस पूरी करने के बाद मैं डिटेंशन सेंटर के अंदर दाखिल हुई, जहां आज तक किसी रिपोर्टर को आने की इजाजत नहीं मिली थी।

कैसा है भारत का सबसे बड़ा डिटेंशन सेंटर करीब 20 बीघा जमीन में बना ये सेंटर ऊंची दीवारों से घिरा है। लोहे के बड़े गेट से एंट्री होती है। अंदर घुसते ही पहले खाली मैदान है। थोड़ा आगे चलने पर एक और बड़ा गेट है। इससे अंदर घुसते ही अफसरों के ऑफिस हैं। फिर एक मैदान है, जिसमें फुटबॉल खेलने की जगह और सब्जियां उगाने के लिए क्यारियां बनी हैं।

यहीं चार-चार मंजिला करीब 15 बिल्डिंग हैं। इनमें से सिर्फ 5 इस्तेमाल में हैं। दो बिल्डिंग महिलाओं के लिए और तीन पुरुषों के लिए। यहां 3 हजार लोग रह सकते हैं। कैंपस में स्कूल, हॉस्पिटल, किचन, टॉयलेट और रहने के अलग-अलग ब्लॉक हैं।

यह जगह किसी जेल जैसी नहीं, बल्कि स्कूल या हॉस्टल जैसी दिखती है। यहां मैं कुछ किरदारों से मिली। ज्यादातर पैसे देकर बॉर्डर पार आए, पकड़े गए और कभी अपने देश लौट नहीं पाए। पहचान उजागर न हो, इसलिए इन किरदारों के नाम बदले गए हैं।

पहली कहानी सूफी की

डिटेंशन सेंटर के अंदर कदम रखते ही लगता है, जैसे यहां वक्त थोड़ा धीमा चलता है। न ज्यादा शोर, न पूरी खामोशी। यहां एक कमरे में महिलाएं सिलाई कर रही थीं। एक तरफ सिलाई सिखाने वाली मास्टर खड़ी थीं। पास ही एक महिला पुलिसकर्मी निगरानी कर रही थीं। कमरे में सूट पहने छोटे बालों वाली एक दुबली लड़की पर नजर पड़ी। बहुत शांत और आंखों में गहरी उदासी। यही थी सूफी।

कुछ देर की चुप्पी के बाद सूफी ने बोलना शुरू किया। उसकी आवाज में निराशा और बेबाकी दोनों थी। सूफी बताती है, ‘मैं बांग्लादेश की रहने वाली हूं। मार्च, 2024 में पहली बार भारत आई थी। मैं अकेली नहीं थी। मेरी दोस्त रिफत भी साथ थी। अनजान देश में हम दोनों एक-दूसरे के हमदर्द बन गए।’

‘एक दलाल हमारी मदद कर रहा था। हमें बस से बॉर्डर के पास लाया गया। वहां से सामान ढोने वाली गाड़ियों में छिपाकर बॉर्डर तक पहुंचाया। ऊंचे कंटीले तार पार करना आसान नहीं था। दूसरी तरफ भारतीय दलाल मौजूद था। सुरक्षाबलों की निगरानी के बावजूद फेंसिंग के बीच लकड़ी का पटरा फंसाकर मुझे और रिफत को भारत में दाखिल करा दिया गया।’

‘मेरे पास स्मार्टफोन था। उसी पर दलाल हमें रास्ते के बारे में बताता रहा। उसकी मदद से हम गुवाहाटी पहुंच गए। उसने फोन पर दिल्ली की ट्रेन के दो टिकट भेज दिए। गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर हमें बंगाली बोल रहा एक शख्स दिखा। उसका नाम रफीक इस्लाम था। रफीक ने सीट ढूंढने में हमारी मदद की। अनजान देश में मदद करने वाला रफीक हमें भरोसेमंद लगा। हमने उसे बता दिया कि हम बांग्लादेश से आए हैं। रफीक ने कहा कि कभी जरूरत पड़े, तो मुझे फोन कर लेना।’

‘दो दिन के सफर के बाद हम दिल्ली पहुंच गए। स्टेशन पर एक औरत हमें लेने आई। उसका नाम सुमैया था। वो हमें अपने घर ले गई। एक हफ्ते तक सुमैया हमें ब्यूटी पार्लर ले जाती रही। बाल स्ट्रेट करवाए, आइब्रो बनवाई और मॉल से नए कपड़े दिलवाए। सब बहुत अच्छा लग रहा था। एक दिन सुमैया हमें होटल ले गई।’

यहां सूफी की आवाज टूटने लगी। कुछ पल चुप रही, फिर फूट-फूटकर रोने लगी। बोली- ‘होटल में सब नंगे थे। गलत काम कर रहे थे। सुमैया चाहती थी कि हम भी वही काम करें। हमने इनकार कर दिया। फिर वो हमें घर ले आई। हमें पता चला कि जो दलाल हमारी मदद कर रहा था, उसने मेरा और रिफत का सौदा कर दिया। हमारे बदले में उसे 34 हजार रुपए मिले।’

‘उस रात खाना खाने के बाद सुमैया और उसका पति सो गए। आधी रात को मैं और रिफत घर से भाग निकले। हमने रेलवे स्टेशन पर मिले रफीक को फोन किया और उसके कहने पर गुवाहाटी आ गए। यहां रफीक हमें बस से कहीं ले जा रहा था। रास्ते में बाइक से आए दो लोग बस के सामने खड़े हो गए। दोनों अंदर आए और 30 हजार रुपए मांगने लगे। इसी दौरान पुलिस आ गई और बाइकवालों को गिरफ्तार कर लिया।’

‘पुलिसवालों ने मुझसे पूछा- तुम कहां की रहने वाली हो? मैंने जवाब दिया- बांग्लादेश। इसके बाद मेरी जिंदगी अदालतों और जेल के बीच उलझ गई। कोर्ट में केस चला। जज ने 18 महीने की सजा सुनाई। उन्होंने कहा था कि सजा काटने के बाद हम घर जा सकते है। सजा पूरी हुई, तो 28 अक्टूबर 2025 को हमें डिटेंशन सेंटर भेज दिया।’

ये मटिया का डिटेंशन सेंटर हैं। यहां सूफी की तरह 133 लोग रह रहे हैं। इसकी क्षमता 3 हजार लोगों को रखने की है। इसकी 15 बिल्डिंग में से हर एक में 200 लोग रह सकते हैं।

ये मटिया का डिटेंशन सेंटर हैं। यहां सूफी की तरह 133 लोग रह रहे हैं। इसकी क्षमता 3 हजार लोगों को रखने की है। इसकी 15 बिल्डिंग में से हर एक में 200 लोग रह सकते हैं।

इतना कहकर सूफी चुप हो गई। उसकी उंगलियां दोबारा सिलाई मशीन पर चलने लगीं, लेकिन आंखों से आंसू नहीं थमे। सूफी की शादी सिर्फ 15 साल की उम्र में हो गई थी। पति सलमान की उम्र 18 साल थी। दोनों ने लव मैरिज की थी। शादी के बाद ससुराल में मारपीट शुरू हो गई। एक दिन सूफी घर छोड़कर भाग निकली। पीछे एक साल का बच्चा छूट गया। यही दर्द आज भी उसे सबसे ज्यादा सताता है।

सूफी आगे कहती है, ‘मैं घर जाना चाहती हूं। यहां अच्छा नहीं लगता। बच्चे की बहुत याद आती है। यहां अच्छा खाना नहीं मिलता। जेल में ज्यादा अच्छा था। वहां तो हमें क्लिप, काजल, समोसा, बिस्किट सब मिलता था। महिला सिपाही ही लाकर देती थीं।’

सूफी ये बातें बोल रही थी, तब डिटेंशन सेंटर के अफसर भी मौजूद थे। मतलब साफ था, यहां रहने वाले लोगों पर कोई जोर-जबरदस्ती नहीं होती। वे अपनी बात कह सकते हैं। सूफी के घर लौटने के सवाल पर एक अधिकारी ने बताया कि बांग्लादेश के असिस्टेंट हाई कमिश्नर जनवरी में आने वाले थे। वहां हालात ठीक नहीं होने की वजह से उनका आना कैंसिल हो गया। अब तक नहीं आए, इसलिए बात नहीं बनी।

दूसरी कहानी लाल सेर पार और इयांग की

डिटेंशन सेंटर में महिलाओं के लिए एक NGO ‘डेवलपमेंट एंड जस्टिस’ काम करता है। NGO के लोग महिलाओं को सिलाई-बुनाई सिखाते हैं। उनके बनाए कपड़े बेचते भी हैं। सूफी के अलावा और भी लड़कियों ने हमें अपने बनाए कपड़े दिखाए। इनमें दो बहनें थीं, इयांग और लाल सेर पार।

दोनों बताती हैं, ‘हम म्यांमार से भारत आए थे। साथ में 30 और लोगों ने बॉर्डर पार किया था। हमारे देश में लंबे वक्त से गृह युद्ध चल रहा है।’

म्यांमार से आए लोगों में चार साल का एक बच्चा भी है। वह पेरेंट्स के साथ भारत आया था। ये लोग अपने देश लौटना भी नहीं चाहते, क्योंकि वहां हालात ठीक नहीं है। संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (UNHRC) इन्हें ऑस्ट्रेलिया भेजना चाहता है। प्रोसेस पूरी होने तक सभी इसी सेंटर में रहेंगे।

तीसरी कहानी मुख्तार की अब शाम के करीब 6 बज रहे थे। सिलाई की क्लास खत्म हो चुकी थी। खाने का वक्त होने वाला था। अब हमें सेंटर के बाकी लोगों से मिलना था। उनसे मिलने के लिए आगे एक दरवाजे से अंदर जाना था। दरवाजे के बायीं ओर एक बोर्ड पर लिखा था- ‘अंदर रहने वालों की संख्या कुल 133 है।’

इन लोगों में अलग-अलग देशों के और कुछ असम के डी-वोटर्स भी शामिल हैं। डी-वोटर्स, यानी डाउटफुल वोटर्स, वे लोग हैं जिनकी नागरिकता पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

यहां से आगे कैमरा ले जाना मना है। कैमरा बाहर रखकर हम अंदर दाखिल हुए। सामने ग्राउंड दिखा। कुछ लोग फुटबॉल खेल रहे थे। यहीं तीन युवक बैठे मिले। इनमें से एक असम का रहने वाला है। भारत की नागरिकता साबित नहीं कर पाने की वजह से उसे डी-वोटर माना गया। इसके बाद से वह डिटेंशन सेंटर में रह रहा है।

बाकी दो बांग्लादेश से अवैध तरीके से भारत में आए थे। इनमें से एक 34 साल के मुख्तार हैं। मुख्तार पढ़े-लिखे नहीं हैं। वे ढाई साल से यहां हैं। मुख्तार बताते हैं, ‘भारत के एक दलाल ने 6 हजार रुपए लेकर बॉर्डर पार करवाया। मैं गुवाहाटी से कोलकाता जाना चाहता था। सोचा था कि पैसे कमाऊंगा, लेकिन स्टेशन पर पुलिस ने पकड़ लिया। 2 साल जेल में रहा, फिर डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया।’

चौथी कहानी फूल मियां की बांग्लादेश से आए दूसरे शख्स फूल मियां हैं। 5वीं तक पढ़े हैं। बॉर्डर पार करने के लिए भारत के एक दलाल को 25 हजार रुपए दिए थे। फूल मियां के साथ उनके गांव के 2 और लोग आए थे। इनमें एक नाबालिग था। 2 साल बाद नाबालिग बांग्लादेश लौट गया। फूल मियां और उनके दोस्त की रिहाई नहीं हो पाई।

फूल मियां से मिलकर हम आगे बढ़े। ग्राउंड के किनारे करीब 15 बिल्डिंग हैं। पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग बिल्डिंग हैं। पहले हम महिलाओं से मिलने पहुंचे। ग्राउंड फ्लोर बिल्कुल खाली था। साथ चल रहे एक अफसर ने हमें ऊपर चलने के लिए कहा। हम लोहे की चौड़ी सीढ़ियों से ऊपर पहुंचे। यहां एक बच्चा साइकिल चलाता मिला। अफसर ने बताया ये बच्चा म्यांमार से आया है और मां के साथ रहता है।

पांचवी कहानी बियाखनचमपरमां की हम बच्चे की मां से मिलने ऊपर चले गए। हमने उनसे बच्चे से मिलवाने की बात कही। पता चला वो पिता के पास गया है। पिता पुरुषों की बिल्डिंग में रहते हैं। उसे माता-पिता दोनों के साथ रहने की इजाजत है। मां बियाखनचमपरमां की उम्र 22 साल है, पिता 32 साल के हैं।

हमने पूछा- बच्चे को लेकर बॉर्डर क्रॉस करने की क्या मजबूरी थी? बिना रुके हल्की मुस्कुराहट के साथ बियाखनचमपरमां ने जवाब दिया- ‘जान बचाने के लिए। और हमें इसका कोई अफसोस नहीं। बच्चा और पति दोनों आंखों के सामने रहते हैं। पति से भी ग्राउंड में मुलाकात हो जाती है। मै यहां खुश हूं।’

एक कमरे में 4 से 5 लोग, टीचर के जाने से पढ़ाई रुकी हम लड़कियों के कमरे में भीतर गए। एक कमरे में 4 से 5 लोग रहते हैं। रूम से सटा एक छोटा किचन है। एक कमरे में कुछ किताबें रखी दिखीं। पूछने पर पता चला कि पहले यहां पढ़ाई होती थी। कुछ महीनों से मास्टर नहीं आ रही हैं। उनकी नौकरी कहीं और लग गई है। एक लड़की बोली, ‘हमें हिंदी और अंग्रेजी भाषा सीखनी है। इसके लिए मास्टर चाहिए। हम पहले से अच्छी हिंदी और अंग्रेजी बोलने लगे थे, लेकिन अब कोई सिखाने नहीं आता।’

छठवीं कहानी सिंगतावागसियाम की एक और कमरे में हमें गिटार दिखा। अब तक दिमाग में डिटेंशन सेंटर की तस्वीर किसी उबाऊ जगह जैसी थी। गिटार देखकर लगा कि यहां संगीत भी है। ये गिटार सिंगतावागसियाम का है। वे कहती हैं, ‘बाहर की दुनिया बहुत याद आती है। मां की याद आती है या बहुत खुश होती हूं, तब गिटार बजाती हूं।

हमारी बातचीत चल रही थी, तभी लाइट चली गई। साथ में मौजूद महिला पुलिसकर्मी और अधिकारी ने फोन का फ्लैश जलाया। उन्होंने कहा, ‘बहुत देर हो रही है। ताला बंद करने का टाइम हो चुका है।’

सातवीं कहानी मानिकजन बेगम की हम महिलाओं की दूसरी बिल्डिंग की तरफ चल पड़े। यहां सबसे ज्यादा असम की डी वोटर महिलाएं थीं। इनमें से एक मानिकजन बेगम की गोद में 17 महीने की बच्ची थी। उन्होंने कहा कि पिछले कई महीनों से हमें घर से दूर रहना पड़ रहा है। मानिकजन बेगम के बारे में शक है कि वे 1971 के बाद बांग्लादेश से भारत आई हैं। पहले असम के कोकराझार 7 बटालियन में बंद थीं। उन जैसी और भी महिलाएं यहां हैं। सब कहती हैं कि हम बांग्लादेशी नहीं हैं।

इनके अलावा नाइजीरियन महिला मिशेल जैंडी भी हैं। पहली बार विजिटर वीजा पर 22 सितंबर, 2017 को दिल्ली आई थीं। 9 अगस्त, 2023 को उन्हें गुवाहाटी एयरपोर्ट पर चेकिंग के दौरान रोक लिया गया। उनका वीजा फर्जी था। मिशेल ने जेल में 2 साल की सजा पूरी कर ली है। आगे की प्रोसेस पूरी करके उन्हें वापस भेज दिया जाएगा।

सेंटर में तीन वक्त का खाना हम बाहर निकले, तब तक ताला बंद हो चुका था। कुछ दूर पुरुषों के रहने वाली बिल्डिंग थी। इसमें रहने वाले ज्यादातर लोग बांग्लादेश से बॉर्डर पार करके आए थे, लेकिन पकड़ लिए गए। सभी ने रात का खाना खा लिया था। खाने में दाल, चावल, रोटी, सब्जी मिली। लोगों ने बताया कि तीन वक्त खाना मिलता है। पसंद के हिसाब से मछली, मटन, अंडा भी दिया जाता है।

डिटेंशन सेंटर जाने से पहले हमने IG जेल पुलक महंत से बात की थी। उन्होंने कहा था कि डिटेंशन सेंटर कोई जेल नहीं, बल्कि होल्डिंग प्लेस है। विदेशियों को वापस भेजने की कार्रवाई पूरी करने से पहले यहां होल्ड किया जाता है। इस जगह उन्हें कोई दिक्कत नहीं होती।

……………………

ये ग्राउंड रिपोर्ट भी पढ़ें… असम में क्या महिलाएं खोलेंगी BJP की जीत का रास्ता, स्कीम से मुस्लिम भी खुश

असम में करीब दो महीने बाद चुनाव होने हैं। हर चौक-चौराहे पर सरकारी योजनाओं और उनका फायदा लेने वालों की तस्वीरें हैं, जिनमें CM हिमंता बिस्वा सरमा महिलाओं को चेक देते दिख रहे हैं। ये चेक महिलाओं के खाते में डायरेक्ट कैश ट्रांसफर के हैं। सीएम हिमंता ने वही दांव खेला है, जो बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान BJP गठबंधन ने खेला था। मध्यप्रदेश, ओडिशा, दिल्ली जैसे 6 राज्यों में BJP के लिए ये जीत का फॉर्मूला रहा है। पढ़ें पूरी खबर…



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments