असम में मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई के बीच विवाद बढ़ता जा रहा है। CM ने गोगोई की ब्रिटिश पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न और पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख के संबंधों पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि एलिजाबेथ पाकिस्तान की एक फ
.
हालांकि, गौरव इसे लोगों को असल मुद्दे से भटकाने की चाल कहते हैं। उनका कहना है कि हिमंता के खिलाफ खुद आरोपों का पहाड़ खड़ा है, इसलिए निजी हमले कर रहे हैं। वे मुख्यमंत्री रहने के लायक नहीं हैं। असम में जल्द विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले इन सियासी आरोपों को लेकर दैनिक भास्कर ने कांग्रेस लीडर गौरव गोगोई से बात की। पढ़िए पूरा इंटरव्यू…

असम सरकार कांग्रेस सांसद गौरव की पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न का OCI/वीजा रद्द करने की मांग भी करेगी क्योंकि उनकी मौजूदगी भारत के लिए नुकसानदायक है।
सवाल: CM हिमंता बिस्वा सरमा आपके ऊपर पाकिस्तान से लिंक होने के आरोप लगा रहे हैं? जवाब: लोगों को साफ पता चल रहा है कि कांग्रेस भ्रष्टाचार के मुद्दे उठा रही है। 4,000 एकड़ जमीन मुख्यमंत्री और उनके परिवार के कब्जे में है। यहां बेरोजगारी और महंगाई बड़ी समस्या है। इन्हें छिपाने के लिए BJP झूठे आरोप लगा रही है।
ये आरोप एक-दो महीने पहले से नहीं, एक साल से लगा रही है। उन्होंने एक SIT भी बनाई, जिसकी रिपोर्ट 6 महीने पहले उन्हें पता चल गई थी। इसके बाद भी वे चुप रहे। ये रिपोर्ट उन्होंने केंद्र सरकार को भी नहीं दी।
अगर मामला इतना अहम है, तो 6 महीने क्यों बैठे रहे। लोगों को भी पता चल गया है कि यह सिर्फ अपना भ्रष्टाचार छिपाने के लिए, कांग्रेस के एजेंडे को पटरी से उतारने के लिए, लोगों का ध्यान भटकाने के लिए उनकी राजनीतिक चाल है।
सवाल: CM आपके परिवार की नागरिकता पर भी सवाल उठा रहे हैं? जवाब: हम अपने समाज में बाहर से आई बहू का बहुत सम्मान करते हैं। असम के लोगों ने मेरे परिवार को वही सम्मान दिया है। मुख्यमंत्री के पास मेरे स्वर्गीय पिता के खिलाफ कहने को कुछ नहीं बचा है। मैं तीन बार से सांसद हूं। 10 साल से संसदीय राजनीति में हूं। मेरे खिलाफ उन्हें कुछ नहीं मिल रहा है, जबकि उनके खिलाफ सबूतों का पहाड़ बन रहा है।
अवैध कंपनियां, उनके परिवार के नाम पर चैनल खोला गया है, उसमें एड के नाम पर कितना सरकारी फंड जाता है, उनके परिवार के नाम पर कंपनी है, उसके लिए नियम बदलकर संपत्ति का मालिक बनाया जाता है। कहीं ना कहीं उनकी दुविधा है कि वे मेरे परिवार के खिलाफ क्या बोलें। इसलिए वे निजी टिप्पणी कर रहे हैं।
सवाल: BJP आपकी पत्नी पर आरोप लगाती है, कांग्रेस CM की पत्नी पर आरोप लगाती है। असम में क्या ‘वाइफ पॉलिटिक्स’ चल रही है? जवाब: हम जो सवाल उठा रहे हैं, वो लोगों से जुड़े हैं। कैसे जमीन के नियम बदले जा रहे हैं। क्यों एक चुना हुआ मुख्यमंत्री अपने परिवार को सरकारी पैसा एडवर्टाइजमेंट के नाम पर दे रहे हैं। क्यों पीडब्ल्यूडी के कॉन्ट्रैक्ट उनके परिवार को मिल रहे हैं। मेरे परिवार की जहां तक बात कर रहे हैं, कभी विदेशी एजेंट, कभी जासूस, कभी नागरिकता जैसे आरोप लगाए, जिनके कोई सबूत नहीं हैं।

सवाल: CM हिमंता का मुस्लिम शख्स को टारगेट करते वीडियो वायरल हुआ। उसे आप कैसे देखते हैं? जवाब: यह बहुत घिनौना वीडियो है। प्रदेश के चुने हुए मुख्यमंत्री को इस तरह के वीडियो को बढ़ावा देना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने अपराध किया है। उन पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। मुझे पता चला है कि कानूनी कार्रवाई शुरू हो गई है। उन्होंने भले ही वीडियो डिलीट कर दिया हो, लेकिन ये पहला मामला नहीं है। इससे पहले उन्होंने विशेष समुदाय के खिलाफ काफी जहरीली भाषा का इस्तेमाल किया है। उस पर कानूनी कार्रवाई हो रही है।
उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मेरे 5 और 9 साल के बच्चों के पासपोर्ट की डिटेल्स मीडिया के सामने रखी। यह भी कानूनी अपराध है। वे बार-बार साबित कर रहे हैं कि वे असम या किसी राज्य के मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठने के योग्य नहीं हैं।
सवाल: मुख्यमंत्री मुस्लिमों पर लगातार बयान दे रहे हैं। इस पर कांग्रेस क्या कर रही है? जवाब: लोग जानते हैं कि वे अपने आपको हिंदू नेता साबित करना चाहते हैं। ये कैसे हिंदू नेता हैं, जो प्रदेश में गाय की तस्करी को बढ़ावा दे रहे हैं। इससे जुड़े लोगों को मंत्री बनाए हुए हैं, उन्हें टिकट देने का फैसला लिया है। उन्होंने हिंदू जनजाति की लगभग 12 हजार एकड़ जमीन अडाणी-अंबानी को बेच दी है।
यहां के बंगाली लोग खुद को भारतीय कहते हैं। आज BJP की राजनीति की वजह से उन्हें लोग बांग्लादेशी की तरह देखने लगे हैं। इन्होंने असम के हिंदू समाज के साथ अन्याय किया है और उनकी तुच्छ राजनीति से हिंदू भी बहुत प्रभावित हुए हैं। यही बातें हम लोगों के बीच ले जा रहे है।

सवाल: कौन लोग हैं, जो गाय की तस्करी में शामिल हैं? जवाब: ये तो उनको पता है, लोगों को भी पता है कि गाय की तस्करी में जुड़े हुए व्यक्ति उनकी कैबिनेट में हैं और बहुत करीबी हैं। यहां कोयला सिंडिकेट चल रहा है। ED ने बोला है कि हर दिन हजारों ट्रक असम, मेघालय सीमा को पार करते हैं। हर ट्रक से 1.5 लाख रुपए की वसूली होती है।
सवाल: मुस्लिमों के घर तोड़े जा रहे हैं या फिर वोटर लिस्ट से उनका नाम कट रहा है, उनके लिए कांग्रेस क्या कर रही है? जवाब: अवैध बांग्लादेशी घुसपैठ संवेदनशील मामला है। कांग्रेस की सरकार ने इस पर ठोस कदम उठाए थे। हमने सीमा पर फेंसिंग का जितना काम कराया, BJP सरकार केंद्र में 10 साल रहने के बाद भी नहीं कर पाई। हमने जितने बांग्लादेशी घुसपैठियों को डिपोर्ट किया, उसका आधा भी BJP सरकार नहीं कर पाई।
हमने अवैध बांग्लादेशियों की पहचान के लिए NRC की प्रोसेस शुरू की थी, BJP सरकार उसे भी पूरा नहीं कर पाई। असली समस्या का समाधान करने में BJP बार-बार नाकाम रही है।

सवाल: कांग्रेस किन मुद्दों के साथ जनता के बीच जाएगी, क्या CM फेस का ऐलान होगा? जवाब: हमने हाल ही में हर जिले में जाकर लोगों से बात की है कि वे क्या चाहते हैं। इसका सार हम जल्द पब्लिश करेंगे। मुख्यमंत्री चेहरे का फैसला केंद्रीय नेतृत्व करेगा। हमें जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, उसे निभाने के लिए हम पूरी तरह से तैयार हैं।
सवाल: आप पर आरोप हैं कि आप राहुल गांधी के नजदीक हैं और कार्यकर्ताओं से दूर रहते हैं? जवाब: असम में अगर जमीनी कार्यकर्ताओं और आम लोगों के बीच सबसे ज्यादा कोई रहता है, तो वो मैं हूं। मुख्यमंत्री आपको मंचों पर और भीड़ में दिखेंगे, लेकिन मजदूर, दुकानदार या किसी शोकग्रस्त परिवार के घर कभी नहीं दिखेंगे। हम कोशिश करते हैं कि हर घर, हर व्यक्ति तक पहुंचें।

…………………………….
ये खबर भी पढ़ें…
संदेशखाली गैंगरेप- 2 विक्टिम पलटीं, एक गीता पाठ करा रहीं

पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना का छोटा सा गांव संदेशखाली। फरवरी 2024 में ये गांव सुर्खियों में आया, जब तीन महिलाओं ने ममता बनर्जी की पार्टी TMC के नेता रहे शाहजहां शेख पर गैंगरेप के आरोप लगाए। महिलाओं की कहानी दिल दहलाने वाली थी। आरोपों के मुताबिक, शाहजहां और उसके लोगों को जो औरत अच्छी लगती, उसे पार्टी की मीटिंग के बहाने ऑफिस में बुला लेते। दो दिन, तीन दिन, चार दिन, जब तक मन होता, ऑफिस में ही रखते। पढ़िए पूरी खबर…


