नई दिल्ली2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

अब जेमिनी सिर्फ आपके सवालों के जवाब ही नहीं देगा, बल्कि आपके लिए शॉपिंग भी करेगा। कंपनी जेमिनी में एक नया ‘बाय बटन’ जोड़ रही है। इस फीचर की मदद से यूजर्स जेमिनी के चैट इंटरफेस को छोड़े बिना ही अपनी पसंद का सामान खरीद सकेंगे।
गूगल ने इस नई सुविधा को ‘एजेंटिक शॉपिंग’ एक्सपीरियंस का नाम दिया है। अभी ये फीचर केवल अमेरिका में उपलब्ध है। जल्द ही भारत में भी लॉन्च किया जाएगा। गूगल ने अमेरिका में इसके लिए वॉलमार्ट, टारगेट, शॉपीफाई जैसे बड़े रिटेलर्स के साथ टाइ-अप किया है।
गूगल पे से होगा पेमेंट, जल्द जुड़ेगा पेपैल
गूगल ने इसे अपने पेमेंट गेटवे से जोड़ा है। जैसे ही आप ‘बाय’ बटन पर क्लिक करेंगे, एप के अंदर ही एक चेकआउट विंडो खुल जाएगी। यह फीचर आपके गूगल पे में पहले से सेव जानकारी का इस्तेमाल करेगा। कंपनी जल्द ही इसमें पेपैल का सपोर्ट भी जोड़ने वाली है।
डिलीवरी और सर्विस की जिम्मेदारी रिटेलर की होगी
भले ही आप ट्रांजैक्शन जेमिनी एप के अंदर कर रहे हैं, लेकिन सामान की डिलीवरी और सर्विस की जिम्मेदारी गूगल की नहीं होगी। उदाहरण के लिए, अगर आपने जेमिनी के जरिए वॉलमार्ट से कोई सामान मंगवाया है, तो उसकी शिपिंग, रिटर्न और कस्टमर सर्विस का सारा काम वॉलमार्ट ही संभालेगा। गूगल यहां सिर्फ एक प्लेटफॉर्म या माध्यम की तरह काम कर रहा है।

जेमिनी से शॉपिंग की पूरी प्रोसेस समझें
- सर्च और सिलेक्शन: जब आप जेमिनी से किसी प्रोडक्ट के बारे में पूछेंगे, तो वह आपको वॉलमार्ट, शॉपीफाई और टारगेट जैसे पार्टनर रिटेलर्स के सामान दिखाएगा।
- बाय बटन पर क्लिक: पसंद आने पर आपको एप के अंदर ही ‘Buy’ बटन दिखेगा। इस पर क्लिक करते ही खरीदारी शुरू हो जाएगी।
- एप के अंदर चेकआउट: बटन दबाते ही जेमिनी एप के भीतर ही एक पेमेंट विंडो खुल जाएगी। आपको किसी दूसरी वेबसाइट पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
- गूगल पे से पेमेंट: पेमेंट के लिए जेमिनी आपके ‘गूगल पे’ में सेव जानकारी का इस्तेमाल करेगा। इससे बार-बार कार्ड डिटेल्स भरने की झंझट नहीं रहेगी।
- ऑर्डर कन्फर्म: पेमेंट होते ही आपका ऑर्डर बुक हो जाएगा। इसकी शिपिंग और डिलीवरी की जिम्मेदारी उस रिटेलर (जैसे वॉलमार्ट) की होगी जिसका सामान आपने चुना है।
- डिलीवरी स्टेटस: आप जेमिनी से सीधे चैट में पूछ सकते हैं, “मेरा ऑर्डर कहां है?” या “डिलीवरी कब होगी?” जेमिनी आपको रियल-टाइम स्टेटस बता देगा।
- रिटेलर का अपडेट: भले ही आपने जेमिनी से सामान खरीदा हो, लेकिन शिपिंग की जिम्मेदारी वॉलमार्ट या शॉपीफाई जैसे रिटेलर्स की होती है। इसलिए, ऑर्डर पैक होने या निकलने पर वे आपको ईमेल या मैसेज के जरिए ट्रैकिंग आईडी भेजेंगे।
भारत में अभी क्या है स्थिति?
अभी भारत में जेमिनी एप शॉपिंग में मदद तो करता है, लेकिन वह अलग-अलग वेबसाइट्स के प्रोडक्ट्स की तुलना दिखाता है और खरीदने के लिए बाहरी साइट्स के लिंक देता है। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही भारतीय यूजर्स को भी सीधे एप से खरीदारी का विकल्प मिलेगा।
भविष्य में बदल जाएगा खरीदारी का तरीका
गूगल का मानना है कि एआई एजेंट आने वाले समय में शॉपिंग के तरीके को पूरी तरह बदल देंगे। अब ग्राहकों को दर्जनों टैब्स खोलने या अलग-अलग एप्स में लॉगिन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। आप बस एआई को बताएंगे कि आपको क्या चाहिए और वह आपके बजट और पसंद के हिसाब से बेस्ट ऑप्शन ढूंढकर वहीं पेमेंट करवा देगा।


