पाकिस्तान के रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ की कोलकाता पर हमले की धमकी पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद अभिषेक बनर्जी ने सोमवार (06 अप्रैल, 2026) प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी और इंडिया गठबंधन के सत्ता में आने के बाद हम उनके घरों में घुसकर उन्हें मार डालेंगे.
सिलीगुड़ी में एक चुनावी रैली में बोलते हुए टीएमसी महासचिव ने पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ की टिप्पणियों का हवाला दिया. ख्वाजा आसिफ ने कहा था कि भारत और पाकिस्तान के बीच भविष्य में हुई जंग में कोलकाता को भी टारगेट किया जा सकता है.
जिस दिन सरकार बनी, उनके घरों में घुसकर मार डालेंगे: अभिषेक बनर्जी
बनर्जी ने कहा, ‘दो दिन पहले ख्वाजा आसिफ ने कोलकाता को उड़ाने की धमकी दी थी. हमारे प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और रक्षामंत्री चुप रहे. मैंने ख्वाजा आसिफ का नाम अपनी लिस्ट में लिख लिया है, जिस दिन ममता बनर्जी और इंडिया गठबंधन सरकार बनाएंगे, हम उनके घरों में घुसकर उन्हें मार डालेंगे.’
टीएमसी नेता ने आगे कहा, ‘वह पाकिस्तान में बैठकर कोलकाता पर हमला करने की धमकी दे रहे हैं, जबकि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कूच बिहार में चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं और लोगों से टीएमसी को हटाने का आह्वान कर रहे हैं.’
अमित शाह पर टीएमसी का हमला
उन्होंने आसिफ की धमकी पर प्रतिक्रिया न देने के लिए गृहमंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को भी निशाना बनाया. अभिषेक बनर्जी ने कहा, ‘अमित शाह और राजनाथ सिंह चुप हैं. शाह हमें हर रोज बांग्लादेशी और पाकिस्तानी कहते हैं, लेकिन जब पाकिस्तान कोलकाता को धमकी देता है तो वे मूक दर्शक बन जाते हैं.’
ख्वाजा आसिफ ने दी थी कोलकाता पर हमले की धमकी
पाकिस्तान के रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा था भारत के साथ भविष्य में होने वाला कोई भी संघर्ष सीमावर्ती इलाकों तक सीमित नहीं रहेगा. सियालकोट में पत्रकारों से बात करते हुए ख्वाजा आसिफ ने दावा किया, ‘अगर भारत ने कोई झूठा अभियान चलाने की कोशिश की तो पाकिस्तान उसे कोलकाता तक ले जाएगा.’
राजनाथ सिंह ने दी थी पाकिस्तान को चेतावनी
भारत की ओर से ख्वाजा आसिफ की इन धमकियों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है, लेकिन रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने हाल ही में कहा था कि पाकिस्तान द्वारा किसी भी दुस्साहस का जवाब दिया जाएगा. अप्रैल 2025 में पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जिक्र करते हुए रक्षामंत्री ने कहा कि भारत की प्रतिक्रिया ने उसकी स्थिति स्पष्ट कर दी है और आगे किसी भी उकसावे का कड़ा जवाब दिया जाएगा.
अभिषेक बनर्जी की ये टिप्पणियां पश्चिम बंगाल में तेज राजनीतिक गतिविधियों के बीच आई हैं, जहां टीएमसी ने राष्ट्रीय सुरक्षा मुद्दों से निपटने के तरीके को लेकर केंद्र सरकार को बार-बार निशाना बनाया है, जबकि भाजपा ने पहले भी पार्टी पर अपने चुनाव प्रचार में आक्रामक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है. बता दें कि पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को होना निर्धारित है, जबकि वोटों की गिनती 4 मई को होगी.


