‘मोहम्मद’ दीपक के नाम से मशूहर जिम ट्रेनर दीपक कुमार 23 फरवरी को दिल्ली में राहुल गांधी से मिले। साथ में उनके दोस्त विजय रावत भी थे। दोनों 26 जनवरी को एक मुस्लिम दुकानदार की दुकान का नाम बदलवाने पहुंचे बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से भिड़ गए थे। इसके बाद
.
दीपक बताते हैं कि एक महीना होने वाला है, अब भी धमकियां मिल रही हैं। मुझे मारने के कोई दो लाख रुपए दे रहा है, तो कोई 5 लाख। इस मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। दीपक और विजय रावत दिल्ली में कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी के घर रुके थे। हमने उनसे राहुल गांधी से मुलाकात के बारे में बात की।

जिम ट्रेनर दीपक कुमार दिल्ली में राहुल और सोनिया गांधी से मिले। राहुल ने इसकी फोटो इंस्टाग्राम पर शेयर की हैं। उन्होंने लिखा- उत्तराखंड के भाई ‘मोहम्मद दीपक’ से मुलाकात, एकता और साहस की ऐसी लौ हर भारतीय युवा में जलनी चाहिए।
पहले मोहम्मद दीपक से बात
सवाल: राहुल गांधी से मिलने का प्लान कैसे बना? जवाब: मेरे पास फोन आया था कि राहुल जी आपसे मिलना चाहते हैं। हम उनसे मिलने आए। राहुल जी ने कहा कि आपने अच्छा काम किया है। आपने एक बुजुर्ग की जान बचाई है, मैं इससे बहुत प्रभावित हुआ हूं। राहुल जी ने कहा कि मैं आपके जिम की मेंबरशिप लेना चाहता हूं। मैंने उनसे कहा कि कोटद्वार आइए और ले लीजिए।
सवाल: क्या आप कांग्रेस जॉइन करने वाले हैं? जवाब: मैं राहुल गांधी से इंसानियत के नाते मिला हूं। मेरा राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। न ही मैं राजनीति करना चाहता हूं। लोग सोच रहे हैं कि दीपक कांग्रेस से जुड़ गया है, लेकिन ऐसा कुछ नहीं है। मैं किसी पार्टी से नहीं जुड़ा हूं। कोई भी पार्टी वाला बुलाएगा, तो मैं जाऊंगा। मोदीजी बुलाएंगे, तो उनसे भी मिलूंगा।
सवाल: अभी जिम कैसा चल रहा है, खबरें आई थीं कि मेंबर कम हो गए हैं? जवाब: उस वक्त जब माहौल खराब था, तब तो 15-16 मेंबर ही रह गए थे। अब थोड़े बढ़े हैं। करीब 30 मेंबर हो गए हैं। पहले 150 मेंबर थे। लोग डरे हुए हैं, इसलिए अपने बच्चों को जिम नहीं भेज रहे।
सवाल: कोटद्वार में पहले और अब के हालात में क्या बदला है? जवाब: उस दिन के मुकाबले देखें, तो हालात बेहतर हैं। तब तो बहुत खराब माहौल था। सोशल मीडिया पर धमकियां मिल रही थीं। इससे परिवारवाले डर गए थे। अब माहौल बदल गया है। बेटी स्कूल जाने लगी है। मम्मी चाय का स्टॉल लगाने लगी हैं।

दीपक का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वे एक बुजुर्ग दुकानदार के लिए बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से भिड़ गए थे। ये वीडियो 26 जनवरी का है। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने नाम पूछा, तो दीपक ने बताया- मोहम्मद दीपक।
सवाल: दुकान वाले बाबा से फिर मुलाकात हुई या नहीं? जवाब: हां, मिलना हुआ था। उन्होंने शाबाशी दी। कहा कि जो आपने किया, वो कोई अपना भी नहीं करता।
सवाल: क्या अब भी धमकियां मिल रही हैं जवाब: धमकियां तो मिल ही रही हैं। सोशल मीडिया पर कोई मारने के लिए 2 लाख दे रहा है, कोई 5 लाख दे रहा है। ये सब तो चल ही रहा है। उस वक्त हालात ऐसे थे कि लग नहीं रहा था कि पुलिस-प्रशासन संभाल पाएंगे। अब सब ठीक है। बस जिन लोगों ने सब किया था, उनकी गिरफ्तारी नहीं हो रही है। मैं चाहता हूं कि उन्हें गिरफ्तार किया जाए।
सवाल: एक केस आपके ऊपर भी हुआ था, उसका क्या हुआ? जवाब: ये तो मुझे भी समझ नहीं आया कि हमारे ऊपर केस क्यों हुआ है। हमने तो कोई गलत काम नहीं किया।
सवाल: आगे का क्या प्लान है? जवाब: काम तो वही (जिम) करना है। और कोई काम भी नहीं है। मुझे अपने जिम से ही मतलब है। वही लाइफ बेहतर लगती है। अभी डर के माहौल की वजह से मेरा काम कम हुआ है। ये भी ठीक हो जाएगा। ऐसे हादसे आगे भी होंगे।
मैं लोगों से कहना चाहता हूं कि हिंदू या मुसलमान, किसी के भी साथ गलत हो रहा हो तो आवाज उठाओ क्योंकि हमें इंसानियत को जवाब देना है, न कि धर्म को।

सवाल: आप यात्रा निकालने वाले हैं? जवाब: हां, हम सोच रहे हैं कि इंसानियत के नाते यात्रा निकालें। हमने लोगों से राय मांगी है। अभी सोचा है कि उत्तराखंड से यात्रा शुरू करें। यात्रा कहां तक जाएगी, ये तय नहीं किया है। मैं चाहता हूं कि हर पार्टी के लोग इसमें शामिल हों। हमें किसी से दिक्कत नहीं है।

दीपक के दोस्त विजय रावत बोले- इंसानियत जोड़ो यात्रा निकालेंगे 26 जनवरी को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं साथ बहस के वीडियो में दीपक के साथ उनके दोस्त विजय रावत भी दिखाई दे रहे थे। विजय रावत के खिलाफ भी कोटद्वार पुलिस ने FIR दर्ज की है। हमने विजय से भी बात की।
सवाल: कोटद्वार में जो हुआ, क्या उसके बाद डर लगता है? जवाब: थोड़ा डर तो रहता ही है। मम्मी-पापा कहते हैं कि कहीं भी जाओ, थोड़ा देखकर जाओ। ये स्वाभाविक बात है। हमारे ऊपर केस दर्ज हुआ है, वह भी गलत है। रक्षा करने वालों पर केस हो रहा है। भक्षक खुलेआम घूम रहे हैं। हम चाहते हैं, ऐसी घटनाएं रुकें। सरकार इसे रोके और कार्रवाई करे।
सवाल: दीपक को धमकी मिली थी, क्या आपको भी धमकी है? जवाब: नहीं, मुझे धमकी नहीं मिली।
सवाल: राहुल गांधी से क्या बात हुई? जवाब: उन्होंने हमारा हौसला बढ़ाया। कहा कि आप लोगों ने बहुत सराहनीय काम किया है। देश के युवाओं को ऐसे ही आगे आना चाहिए। देश में जो नफरत फैल रही है, उसके खिलाफ ज्यादा से ज्यादा युवाओं को आना चाहिए। आपने युवाओं की सोच बदली है।
सवाल: क्या पार्टी जॉइन करने पर बात हुई है? जवाब: मैं यूथ कांग्रेस का डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट रह चुका हूं। कोटद्वार से छात्र संघ का अध्यक्ष रहा। अभी हमारा एक यात्रा निकालने का प्लान है। देश में जो नफरत फैल रही है, उसके खिलाफ हम इंसानियत जोड़ो यात्रा निकालना चाहते हैं। अभी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है, लेकिन लोगों से राय-मशविरा ले रहे हैं कि कैसे इसे आगे बढ़ाना चाहिए।
अब भी मारपीट के बहुत से वीडियो वायरल हो रहे हैं। देश में बहुत सी चीजें गलत हो रही हैं। हमने जब बाबा मामले में आवाज उठाई थी, उससे कुछ लोगों की सोच बदली है। इसीलिए हम यात्रा निकालना चाहते हैं, जो देश में नफरत खत्म करे, सभी धर्म के लोग मिलकर रहें और भाईचारा बना रहे। राहुल गांधी ने भरोसा दिया है कि वे भी यात्रा में शामिल होंगे।
सवाल: दुकान का नाम बाबा रखने पर विवाद हुआ था, क्या अब भी वही नाम है? जवाब: दुकान चल रही है। वे नाम भी नहीं बदलेंगे। बाबा नाम तो हर धर्म में होता है। ये कोई बड़ा इश्यू नहीं था। बोर्ड में बाबा के साथ दुकान मालिक का नाम शोएब भी लिखा है। लोगों का काम नफरत फैलाना था, वे वही कर रहे थे।

कोटद्वार में पटेल मार्ग पर बाबा स्कूल ड्रेस नाम की दुकान है। ये दुकान 70 साल के वकील अहमद की है। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को दुकान के नाम पर आपत्ति थी। वकील अहमद ने कहा था कि वे दुकान का नाम बदल लेंगे।
सवाल: बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से बहस वाले दिन क्या हुआ था? जवाब: दीपक मेरा 20 साल पुराना दोस्त है। मेरे बड़े भाई जैसा है। 26 जनवरी को हम दुकान के बगल में बैठे थे। हमने देखा के बुजुर्ग परेशान हैं। उनके हाथ पैर कांप रहे थे। लग रहा था उनके साथ कुछ हो रहा है। इसीलिए हम मदद करने गए।
सवाल: कोटद्वार में अब कैसा माहौल है? जवाब: अब ठीक है। 26 जनवरी से 12 फरवरी तक धमकियां मिलती रहीं। बहुत डर था। पुलिस तैनात थी। सख्त पहरा था। अब माहौल बेहतर है।
इमरान प्रतापगढ़ी बोले- मोहम्मद दीपक, मोहब्बत के दीपक मोहम्मद दीपक दिल्ली में कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी के घर पर रुके थे। राहुल गांधी और दीपक की मुलाकात पर इमरान प्रतापगढ़ी कहते हैं कि राहुल गांधी जी देश में हर उस व्यक्ति से मिल रहे हैं, जो समाज को जोड़ने की बात कर रहा है। मोहम्मद दीपक, मोहब्बत का दीपक हैं। मैंने राहुल जी से गुजारिश की थी कि वे दीपक से मिलें। होना तो यह चाहिए था कि प्रधानमंत्री जी दीपक को बुलाकर सम्मानित करते, लेकिन ये काम नेता प्रतिपक्ष कर रहे हैं।
इमरान केस में कोई गिरफ्तारी नहीं होने पर भी वे सवाल उठाते हैं। इमरान आरोप लगाते हैं कि वीडियो में गुंडों के चेहरे साफ दिख रहे हैं, वे खुलेआम धमकियां दे रहे हैं, फिर भी अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई।
————————–
ये खबर भी पढ़िए…
‘मोहम्मद’ दीपक से बोले राहुल- कोटद्वार आकर तुम्हारे जिम की मेंबरशिप लूंगा

जिम ट्रेनर दीपक कुमार ने दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात की। राहुल ने इस मुलाकात की फोटो शेयर करते हुए दीपक को ‘साहस की लौ’ बताया है। दीपक ने बताया कि राहुल जी ने मेरी फैमिली से बात की। मुझे तसल्ली दी कि घबराने वाली कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि वे कोटद्वार आकर मेरे जिम की मेंबरशिप लेंगे। अगर राहुल जी मेरे जिम आएंगे और मेंबरशिप लेंगे, तो यह मेरे लिए बहुत खुशी की बात होगी। पढ़िए पूरी खबर…


